लखनऊ

छांगुर बाबा के खिलाफ ED ने दर्ज किया मनी लॉन्ड्रिंग का केस, 100 करोड़ के लेनदेन के विदेशों से जुड़े तार

धर्म परिवर्तन के आरोपों के घेरे में आया जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा के खिलाफ ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर लिया है। अब ED छांगुर बाबा के सिंडिकेट से जुड़े दो दर्जन बैंक खाते और 6 विदेशी खातों की जांच करेगी। मंगलवार को ही एक कार्रवाई में छांगुर के मकान पर बुलडोजर भी चला था।

Image

छांगुर बाबा पर ED का शिकंजा (तस्वीर साभार: Wikipedia)

Lucknow News: धर्मांतरण के आरोपों में घिरे जमालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। बाबा और उसके नेटवर्क से जुड़े दो दर्जन घरेलू और छह विदेशी बैंक खातों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही बाबा और उसके करीबी सहयोगियों की संपत्तियों को खंगालने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

विदेशी खातों पर फोकस

ED की यह जांच STF की रिपोर्ट के आधार पर शुरू की गई है, जिसमें यह खुलासा हुआ था कि छांगुर बाबा के सिंडिकेट से जुड़े खातों से करीब 100 करोड़ के लेनदेन किए गए हैं। खासतौर पर छह विदेशी खातों से भारत में आए पैसे की जांच में तकनीकी और कानूनी बाधाएं सामने आ रही थीं, जिन्हें अब ED की टीम सुलझाने में जुटी है।

ED यह भी पता लगाने में लगा है कि विदेश से आई रकम को भारत में कहां खर्च किया गया और किन गतिविधियों में इसका इस्तेमाल हुआ। सूत्रों के अनुसार, जल्द ही संपत्तियों की जब्ती की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।

छांगुर के घर पर चला बुलडोजर

बाबा के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई में प्रशासन ने बहराइच जिले के उतरौला क्षेत्र स्थित मधपुर गांव में बनी उसकी आलीशान कोठी को ध्वस्त कर दिया है। कल, मंगलवार को यह कार्रवाई हुई। आरोप है कि छांगुर बाबा ने यहां से धर्मांतरण की गतिविधियों को तेज किया था और एक डिग्री कॉलेज खोलने की योजना भी बना ली थी।

कोठी में मजबूत बाउंड्री, करंट से भरे तार, विशेष बिजली लाइन और 10 सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई थी। कार्रवाई से पहले बिजली कनेक्शन काटा गया और पुलिस बल की तैनाती की गई।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article