UP News: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज और आईपीएल में अपने प्रदर्शन के लिए विख्यात रिंकू सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार ने एक खास उपहार दिया है। खेल कोटे के तहत उन्हें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) के पद पर नियुक्त किया जा रहा है। यह नियुक्ति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की उपलब्धि के आधार पर 'विशेष भर्ती नियमावली 2022' के तहत की जा रही है। इनके साथ ही 6 और खिलाड़ियों को अलग-अलग विभागों में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू, जल्द मिलेगी जिम्मेदारी
रिंकू सिंह की नियुक्ति उनके गृह जनपद अलीगढ़ में BSA के पद पर होगी। बेसिक शिक्षा निदेशक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 16 मई 2025 को शासन स्तर पर यह फैसला लिया गया। रिंकू को सभी आवश्यक दस्तावेज संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया है और उनके सत्यापन के बाद प्रोविजनल अपॉइंटमेंट दी जाएगी।छह और खिलाड़ियों को भी सरकारी सेवा का मौका
रिंकू सिंह के साथ छह अन्य खिलाड़ियों को भी अलग-अलग विभागों में नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इनमें प्रवीण कुमार और राजकुमार पाल को गृह विभाग में पुलिस उप अधीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। अजीत सिंह और सिमरन को पंचायती राज विभाग में जिला पंचायती राज अधिकारी के पद पर नियुक्त किया है। प्रीति पाल को ग्रामीण विकास विभाग में खंड विकास अधिकारी का जिम्मा सौंपा गया है और किरन वालियान को वन विभाग में क्षेत्रीय वन अधिकारी पद मिला है। सरकार का यह कदम प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को मान्यता देने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।
