लखनऊ

Sonbhadra Mine Collapsed: फरार चल रहा खदान मालिक गिरफ्तार, मरने वालों की संख्या बढ़कर 6 हुई

सोनभद्र के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में शनिवार को हुए हादसे में छह मजदूरों की मौत के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खदान के पट्टा धारक मधुसूदन सिंह को FIR के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Image

अब भी जारी है बचाव अभियान (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Sonbhadra News: सोनभद्र के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जिला प्रशासन की दर्ज कराई गई FIR के आधार पर खदान के पट्टा धारक मधुसूदन सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद खनन पट्टा धारक मधुसूदन सिंह, दिलीप केसरी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। बाकी आरोपियों की तलाश में विशेष टीमें गठित की गई हैं।

शनिवार को हुआ था हादसा

शनिवार दोपहर 3 बजे खदान में पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक दरक जाने से ‘कृष्णा माइनिंग वर्क्स’ की खदान धंस गई थी। इस दौरान कई मजदूर मलबे में दब गए। रविवार को सबसे पहले राजू सिंह (30) का शव बरामद किया गया। इसके बाद बचाव कार्य तेज किया गया और सोमवार दोपहर तक मलबे से पांच और शव निकाले गए। मृतकों में इंद्रजीत (30), संतोष (30), रवींद्र (18), राम खेलावन (32) और कृपाशंकर शामिल हैं। इस तरह हादसे में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर छह हो गई है।

DM ने दी जानकारी

जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने बताया कि रातभर जारी संचालन के बाद NDRF और SDRF की टीमों ने मलबा हटाकर पांच शव बरामद किए। वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के अनुसार, खदान मालिक समेत तीन लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

रॉबर्ट्सगंज सांसद ने की मुआवजे की मांग

रॉबर्ट्सगंज से सपा सांसद छोटेलाल खरवार ने बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में हुई दुर्घटना के लिए अवैध खनन को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन के चलते यह हादसा हुआ है, जिसे माफिया चला रहे थे। उन्होंने पीड़ित परिवारों को 50 लाख रुपये मुआवजा और एक-एक सरकारी नौकरी देने की मांग की। वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोर्डिया ने बताया कि पहाड़ी से गिरे भारी मलबे को हटाने का कार्य शनिवार रात से जारी है। चूंकि पत्थर काफी बड़े हैं, इसलिए राहत कार्य में सावधानी बरती जा रही है और प्रशासन पूरी तरह से जुटा हुआ है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article