UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे हुए हैं। आज उनके दौरे का दूसरा दिन है। सुबह पूजा-अर्चना के बाद सीएम योगी महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के सामने आयोजित जनता दरबार में पहुंचे, जहां उन्होंने आम लोगों से सीधा संवाद किया।
फरियादियों से सीधे मिले सीएम
जनता दरबार में सैकड़ों की संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सीएम योगी आदित्यनाथ एक-एक फरियादी के पास खुद गए और उनका प्रार्थना पत्र अपने हाथों से लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
इलाज के लिए मांगा आर्थिक सहयोग
कई लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग की। इस पर सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों का एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा जाए ताकि जल्द स्वीकृति मिल सके और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाई जा सके।
जमीन से जुड़ी शिकायतों पर सख्त रुख
जनता दरबार में जमीन से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गरीबों को कोई दबंग या भू-माफिया परेशान न कर सके। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने जनता को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान हर हाल में किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
