शहर

Hyderabad Kidnapping Case: एक करोड़ नकदी, गहनें और..., कारोबारी को अगवा कर मांगी फिरौती, मास्टरमाइंड सहित 10 गिरफ्तार

तेलंगाना के हैदराबाद में ज्वेलरी कारोबारी के अपहरण और फिरौती वसूली मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर कारोबारी को अगवा किया, उनकी आंखों पर पट्टी बांधी और किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा था।

Image

हैदराबाद किडनैपिंग केस में बड़ा खुलासा

हैदराबाद में एक ज्वेलरी कारोबारी के अपहरण और फिरौती वसूली के मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 1.07 करोड़ रुपये नकद, सोने के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी के परिवार से 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी, लेकिन बाद में 1.30 करोड़ रुपये वसूलने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, 53 वर्षीय ज्वेलरी कारोबारी के. श्रीनिवास राव 5 अक्टूबर को रामंतापुर स्थित अपनी दुकान के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में लापता हो गए। उनके परिवार की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि गिरोह ने गोलनाका फ्लाईओवर के पास से उनका अपहरण किया था।

आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर कारोबारी को अगवा किया, उनकी आंखों पर पट्टी बांधी और किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा। इसके बाद परिवार से 15 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। आखिरकार, 1.30 करोड़ रुपये वसूलने के बाद कारोबारी को छोड़ दिया गया।

रियल एस्टेट विवाद में अपहरण की साजिश का आरोप

पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इस अपहरण के पीछे रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। मामले के मुख्य साजिशकर्ता और कथित मास्टरमाइंड दुमावथ श्रीकांत का कारोबारी श्रीनिवास राव के साथ संपत्ति के कारोबार को लेकर विवाद था।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने इस साल अगस्त में अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची थी। आरोप है कि योजना के तहत श्रीनिवास राव के नाम पर चल रहे रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े एजीपी (एग्रीमेंट ऑफ सेल कम जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी) को अपने नाम करवाना और उनके परिवार से बड़ी रकम वसूलना मकसद था।

पुलिस ने मामले में अब तक गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कथित सह-साजिशकर्ता समेत दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article