Hardoi Showroom Fire: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में दो मंजिला रेडीमेड कपड़े के शोरूम में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट के कारण यह घटना हुई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि इस घटना में करीब 50 लाख का सामान जलकर राख हो गया।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का किया प्रयास
यह घटना कस्बा शाहाबाद में घास मंडी तिराहे के पास देर रात को बड़ा बाजार में हुई। जहां मनीष रस्तोगी के दो मंजिला रेडीमेड कपड़े के शोरूम मे अचानक शार्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी। स्थानीय लोगों ने आग की सूचना शोरूम मालिक और दमकल विभाग को दी। इस दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग पर काबू पाने में सफल नहीं हो सके।
दुकान के कपड़े और सामान जला
आग की सूचना पाकर दमकल की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची। जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान दुकान के अंदर रखे कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गए। इस भीषण आग में करीब 50 लाख रुपए के नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
