Azamgarh News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के रौनापार क्षेत्र में उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और आजमगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की टीम ने 50 हजार रुपये के एक इनामी बदमाश को मुठभेड़ में मारा गिराया। इस दौरान मौका देख मृतक बदमाश के अन्य साथी वहां से भाग निकले। पुलिस की टीम जल्द से जल्द इन आरोपियों को भी गिरफ्तार करेगी।
मुठभेड़ में इनामी बदमाश ढेर
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि सिधारी थाना क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना के सुराग जुटाने में लगी पुलिस को एसटीएफ से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश रौनापार की ओर भाग रहे हैं। सूचना पर एसटीएफ लखनऊ की टीम और आजमगढ़ के सिधारी थाने की पुलिस ने जोकहरा पुल के पास घेराबंदी की, ताकी बदमाशों को गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि पुलिस को देखकर बदमाशों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलायी जिसकी चपेट में आने से एक बदमाश घायल हो गया। उसके तीन अन्य साथी मौके से भाग निकले। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों की टीम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
44 मुकदमों में था फरार
सिंह ने बताया कि मृत बदमाश की पहचान वाकिब उर्फ वाकिफ (27 वर्ष) के रूप में हुई है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ आजमगढ़, जौनपुर, कुशीनगर समेत विभिन्न जिलों में चोरी, लूट, धोखाधड़ी, और गो-तस्करी सहित विभिन्न आरोपों में 44 मुकदमे दर्ज थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से कारतूस, खोखे और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। फरार बदमाशों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
(इनपुट - भाषा)
