लखनऊ

Ayodhya Ram Mandir : रामभक्‍तों के लिए खुशखबरी, भव्‍य मंदिर में इस दिन विराजेंगे रामलला, ट्रस्‍ट ने दी जानकारी

Ayodhya Ram Mandir : योगी सरकार में वित्‍त मंत्री सुरेश खन्‍ना द्वारा रिट्वीट किए गए ट्वीट में दावा किया गया है 22 जनवरी को रामलला की स्‍थायी गर्भगृह में प्राण-प्रतिष्‍ठा कराई जाएगी।

Image

रामलला के प्राण प्रतिष्‍ठा की तिथि सामने आई। (प्रतीकात्‍मक फोटो)

Photo : BCCL

Ayodhya Ram Mandir : करोड़ों रामभक्‍तों का इंतजार अब खत्‍म होने वाला है, क्‍योंकि अयोध्‍या में रामलला के विराजने की तारीख सामने आ गई है। योगी सरकार में वित्‍त मंत्री सुरेश खन्‍ना (Suresh Khanna) द्वारा रिट्वीट किए गए ट्वीट में दावा किया गया है 22 जनवरी को रामलला की स्‍थायी गर्भगृह में प्राण-प्रतिष्‍ठा कराई जाएगी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के ट्वीट में यह जानकारी श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra) के महासचिव चंपत राय के हवाले से दी गई है। दरअसल, काफी समय से लोग इस दिन का इंतजार कर रहे थे और अब उनकी बहुप्रतीक्षित इच्‍छा पूरी होने वाली है।

कैसा होगा भव्‍य मंदिर का स्‍वरूप

चंपत राय बताते हैं क‍ि रामलला की मूर्ति का निर्माण अयोध्या में ही हो रहा है। यह रामलला के बाल्‍यावस्‍था की मूर्ति होगी। गर्भगृह तक पहुंचने के लिए कुल 34 सीढ़ियों का निर्माण किया जा रहा है। जहां शिखर, आसन, दरवाजे को स्‍वर्णमंडित किया जाएगा। वहीं, मंदिर का 70 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है और मिली जानकारी के मुताबिक गर्भगृह के 14 फीट तक पिलर भी बनकर तैयार हो चुके हैं।

क्‍या बोले ट्रस्‍ट महासचिव

ट्वीट के अनुसार, श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra) के महासचिव चंपत राय अयोध्‍या के होटल में सराफा मंडल के प्रांतीय अधिवेशन में पहुंचे थे। जहां उन्‍होंने कहा क‍ि स्‍थायी गर्भगृह में रामलला की स्‍थापना को लेकर काफी मंथन हुआ और फिर विचार विमर्श के बाद 22 जनवरी, 2024 की तारीख को अनुष्‍ठान के लिए प्रस्‍तावित किया गया। ये भी कहा जा रहा है क‍ि जिस गर्भगृह में रामलला विराजमान (Ramlala Virajman) होंगे उसका निर्माण भी इस साल सितंबर तक पूरा हो जाएगा।

खास मार्बल पत्‍थर से बन रहा गर्भगृह

जहां एक ओर सितंबर तक गर्भगृह का निर्माण पूरा होने की बात कही जा रही है तो वहीं दूसरी ओर उसके बारे में एक और खास बात सामने आई है। दरअसल, राममंदिर निर्माण (Ram Mandir Construction) की प्रक्रिया को साझा करते हुए चंपत राय ने बताया है क‍ि गर्भगृह का निर्माण स्‍पेशल मकराना मार्बल से किया जा रहा है। ट्रस्‍ट के महासचिव का ये भी कहना है कि अक्टूबर तक प्रभु श्रीराम की मूर्ति की निर्माण हो जाए, ऐसा लक्ष्‍य रखा गया है।

क्‍यों खास है मकराना मार्बल

मकराना मार्बल को विश्‍व के सबसे प्रसिद्ध पत्‍थरों में से एक माना जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ये राजस्‍थान में पाया जाता है, जो कई प्रकार का होता है। दरअसल, राममंदिर के गर्भगृह में प्रयुक्‍त ये मार्बल इसलिए खास है क्‍योंक‍ि इसका प्रयोग कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल, आगरा के ताजमहल, मुंबई के रौदत ताहेरा, दक्षिणी राजस्थान के दिलवाड़ा व मैसूर जैन मंदिर के साथ लखनऊ के अंबेडकर पार्क में होने का दावा किया जाता है।

पीएम मोदी ने किया था भूमिपूजन

बताते चलें क‍ि अयोध्या में राममंदिर का भूमिपूजन प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी (PM Narendra Modi) ने पांच अगस्त, 2020 को किया था। सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) के ऐतिहासिक फैसले के बाद मंदिर को बनाया जा रहा है। 9 नवंबर, 2019 को सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने आदेश देते हुए कहा था कि 2.77 एकड़ पर राम मंदिर बनाया जाएगा। वहीं, विवादित ढांचे के संबंध में कोर्ट का कहना था कि अयोध्या में ही मस्जिद बनाने के लिए पांच एकड़ भूमि अलग रखी जाएगी।

Shaswat Gupta
शाश्वत गुप्ताauthor

पत्रकारिता जगत में पांच साल पूरे होने जा रहे हैं। वर्ष 2018-20 में जागरण इंस्‍टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्‍युनिकेशन से Advance PG डिप्लोमा करने के बाद मीडिया जगत में दस्तक दी। 2019 में दैनिक जागरण से पत्रकारीय जीवन का आरंभ हुआ। इसके बाद जागरण न्‍यू मीडिया, दैनिक भास्‍कर और इंडिया टीवी में सेवाएं दीं। अप्रैल 2023 से टाइम्‍स नाउ नवभारत (https://www.timesnowhindi.com/) के साथ यह सफर अनवरत‍ जारी है। परंपरागत मीडिया से प्रारंभ हुआ करियर अब आधुनिक यानी डिजिटल मीडिया तक पहुंच चुका है। ग्राउंड रिपोर्टिंग से शुरू हुई यह यात्रा लोकल/हाइपरलोकल डेस्‍क, प्रादेशिक डेस्‍क, सोशल मीडिया डेस्‍क, नेशनल डेस्‍क से अब वायरल डेस्‍क तक पहुंच चुकी है। करीब साढ़े चार साल के इस करियर में अविस्‍मरणीय अनुभव रहे हैं। दैनिक जागरण में पहली पारी के दौरान बिकरू कांड जैसी बड़ी और ज्‍वलन्‍त घटना की कवरेज करने का अवसर मिला। प्रिंट मीडिया और डिजिटल मीडिया दोनों ही मंचों पर बेहतरीन ढंग से खबर का प्रस्‍तुतिकरण किया। प्रिंट मीडिया की प्रादेशिक डेस्‍क पर कार्य करते हुए कानपुर सिटी, कानपुर देहात, इटावा, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, औरैया, जालौन, उन्‍नाव, फर्रुखाबाद और कन्‍नौज संस्‍करण की जिम्‍मेदारी संभाली। इन सभी डेस्‍क का कार्य निष्‍पादित करते हुए हर ब्रेकिंग खबर का प्रिंट व डिजिटल दोनों माध्‍यमों में बेहतरीन प्रस्‍तुतिकरण किया। तत्‍पश्‍चात् जागरण न्‍यू मीडिया के हाइपरलोकल सेक्‍शन की लॉन्चिंग में यूपी टीम के सक्रिय सदस्‍य रहे। 2019 से लेकर 2022 तक कोरोना की तीनों लहरों की कवरेज की। इस दौरान लॉकडाउन और ऑक्‍सीजन संकट से ऊपजे हालात पर कई स्‍टोरीज कीं। उत्‍तर प्रदेश पंचायत चुनाव 2021 में अलग-अलग दिनों में होने वाली अलग-अलग स्‍थानों की वोटिंग, काउंटिंग और रिजल्‍ट से जुड़ी खबरों को पाठकों तक बखूबी पहुंचाया। इस दौरान खबरों की प्‍लानिंग, लाइव ब्‍लॉग लाइव करने के साथ मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर मिला। 2021 में माफिया मुख्‍तार अंसारी की बांदा जेल में वापसी पर भी प्रतिद्वंद्वियों से बेहतर कवरेज की। ढाई साल में उत्‍तर प्रदेश के अंदर हुई इस उथल-पुथल के बाद कन्‍नौज के पियूष जैन कांड की खबर को ब्रेक किया। इस केस में रेग्‍युलर कवरेज करने के अलावा कई एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरीज करने का मौका भी मिला। तत्‍पश्‍चात् कानपुर मेट्रो से जुड़े कार्यों की कवरेज कर औपचारिक तौर पर पहली बार प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दौरे और प्रथम कॉरिडोर के उद्घाटन की कवरेज करने के साक्षी रहे। उतार-चढ़ाव से भरा डिजिटल मीडिया का यह पहला अनुभव काफी शानदार रहा और बेहतरीन कवरेज से यूपी टीम में कानपुर सेक्‍शन को दूसरा सर्वाधिक Pageviews वाला सेक्‍शन बनाने में योगदान दिया। दैनिक भास्‍कर (DB Digital) के साथ उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भगवा लहर के साक्षी रहे। डिजिटल मीडिया के दूसरे पड़ाव में प्रदेश की चुनावी सरगर्मी को भांपने का अवसर मिला। इसके साथ-साथ उत्‍तर प्रदेश की सैकड़ों तहसील, ब्‍लॉक व गांव इत्‍यादि की दैनिक खबरों का नियोजन कर उन्‍हें फ्लैश करने की जिम्‍मेदारी का निर्वाह किया। दूसरे पड़ाव में उत्‍तर प्रदेश के ग्रामीण परिवेश को खबरों के लिहाज से करीने से समझा और स्‍थानीय क्षेत्रों की समस्याओं को बड़े स्‍तर तक पहुंचाने का काम किया। विधानसभा चुनाव की छोटी-बड़ी खबरों को ब्रेक करने के साथ-साथ ऑब्‍जर्वेशन आधारित मल्‍टीपल स्‍टोरीज करने का अवसर भी मिला।इंडिया टीवी में समाचार लेखन और प्रस्‍तुतिकरण का एक नया अनुभव प्राप्‍त करने का सौभाग्‍य मिला। यू-ट्यूब की दुनिया में खबरों के महत्‍व, लेखन और प्रासंगिकता को समझने का अवसर मिला। जिसके बाद पंजाबी गायक स‍िद्धू मूसेवाला मर्डर केस और महाराष्‍ट्र के सियासी संकट की खबर को ब्रेक किया। यूपी में निर्माणाधीन एक्‍सप्रेस-वे पर वीडियो पैकेज बनाकर दर्शकों के सम्‍मुख यूट्यूब ओरिएंटेड एक्‍सक्‍लूसिव स्‍टोरी पेश की। राजू श्रीवास्‍तव-मुलायम सिंह यादव का निधन, श्रद्धा वाल्‍कर मर्डर केस, जोशीमठ की प्राकृतिक आपदा और द्रौपदी मुर्मू के राष्‍ट्रपति बनने के सफर पर कई वीडियो और उनकी LIVE स्‍ट्रीमिंग करने का मौका मिला। इनके अलावा साल 2022 में हुए गुजरात और हिमाचल प्रदेश के व‍िधानसभा चुनाव एवं दिल्‍ली एमसीडी चुनाव से जुड़े वीडियो पर खबरों की कवरेज (यू-ट्यूब पर), लाइव स्‍ट्रीमिंग की। चैनल के शो 'आप की अदालत' की री-लॉन्चिंग पर टीम के साथ को-ऑर्डिनेशन से लाइव स्‍ट्रीमिंग और वीडियो पैकेजिंग का अनुभव प्राप्‍त किया। इसके बाद माफिया अतीक अहमद की साबरमती जेल से वापसी और उसके बेटे के एनकाउंटर पर आधारित वीडियोज़ को बेहतरीन इमेज-कंटेंट क्रिएशन के साथ पब्लिश किया। कोई भी खबर न रुके, न छूटे, न चूके...इसी उद्देश्‍य के साथ विविधता से परिपूर्ण इस यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।

और पढ़ें
End of Article