UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 28-October-2025: अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में उत्तर प्रदेश का मौसम बदल गया है। सोमवार को यूपी के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। अगले कुछ दिनों तक यहां बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। जिससे तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। बारिश से ठंड भी बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने मोंथा चक्रवात और अरब सागर में बने डिप्रेशन के प्रभाव से मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। इन दोनों वेदर सिस्टम के असर से यूपी में बादलों की सक्रियता बढ़ी है। जिससे कई जिलों में बारिश देखने को मिल सकती है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के अनुसार आज यूपी में पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। आज जालौन, झांसी और ललितपुर में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 29 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने के आसार हैं। हालांकि पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है। 30 अक्टूबर को भी यूपी के दोनों हिस्सों में बारिश का अलर्ट है। इस दौरान मेघगर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इस अवधि में पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं भारी बारिश का भी येलो अलर्ट है।
यूपी में आने वाले दिनों में मौसम का हाल
यूपी में 31 अक्टूबर को भी पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान पूर्वी हिस्से में मेघगर्जन-वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। जिसकी रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। 1 नवंबर को भी पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बारिश देखने को मिल सकती है। इस दौरान पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। 2 नवंबर से कहीं भी बारिश का कोई अनुमान नहीं है। वहीं तापमान की बात करें तो अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। जिसके बाद अगले 24 घंटे में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं। उसके बाद से 2 से 3 डिग्री पारा फिर से लुढ़क सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 4 से 5 दिनों के बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिर सकता है।
यूपी में कहां-कहां हुई बारिश
यूपी में सोमवार को अधिकतर जिलों में बादलों की आवाजाही देखने को मिली। इस दौरान झांसी, इटावा, ललितपुर, बांदा आदि जिलों में बारिश दर्ज हुई। शाम तक बांदा में सबसे अधिक 14.6 मिमी बारिश हुई, वहीं ललितपुर में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। बारिश के कारण तापमान में भी कमी आई है।
