लखनऊ

यूपी में आसमान से बरसी मौत! आंधी-बारिश-वज्रपात से 22 लोगों की मौत; जमीन पर बिछ गए ओले, भारी वर्षा का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाएं, आंधी के साथ आसमान से गिरी आकाशीय बिजली-ओलावृष्टि और बारिश ने कहर बरपाया। राहत कार्यालय की ओर प्राप्त आंकड़ों के हवाले से अबतक 22 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, कौशांबी, वाराणसी, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली सहित कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जाहिर की है।

Image

यूपी में आकाशीय बिजली गिरने से मौतें

लखनऊ : यूपी में गुरुवार की सुबह से मौसम ने करवट ले ली और कुदरत का कहर का शुरू हो गया। राज्य के विभिन्न जिलों में बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि होने, आंधी आने और बिजली गिरने की घटना से फिरोजाबाद, सिद्धार्थ नगर, सीतापुर, संतकबीर नगर और अमेठी में सात लोगों की मौत हो गई। सीएम योगी ने जिलाधिकारियों को प्रभावित इलाकों का दौरा करने और प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। खराब फसलों, जनहानि और पशुओं की मौत पर आर्थिक सहायता का ऐलान किया गया है। सीएम ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को 4 लाख रुपये की राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए हैं। प्राकृतिक आपदा में घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। राहत आयुक्त कार्यालय से प्राप्त विवरण के अनुसार प्रदेश में 10 अप्रैल को कुल 22 जनहानि, 45 पशुहानि और 15 मकान क्षति की घटनाएं हुई हैं।

फिरोजाबाद के डीएम ने कही ये बात

अपर जिलाधिकारी विशू राजा ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने की पहली घटना तहसील सदर क्षेत्र नारखी थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर में हुई, जिसमें खेत पर काम कर रही महिला ललिता देवी (30) की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। दूसरी घटना थाना जसराना क्षेत्र के गांव चनारी की है, जहां खेत पर काम कर रहे किसान पदम वीर सिंह (32) की आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई।

सिद्धार्थ नगर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 40 वर्षीय श्रमिक घनश्याम की मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा कि यह घटना गौरा मंगुआ गांव में उस समय हुई जब घनश्याम बारिश में काम के लिए जा रहा था।

सीतापुर में गिरी बिजली

सीतापुर में बिजली गिरने और भारी बारिश से एक दीवार ढहने की दो अलग अलग घटनाओं में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बिस्वां थाना अंतर्गत मोछ खुर्द में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे हरिश्चंद्र (25) की मौत हो गई, जबकि सकरान थाना अंतर्गत रसूलपुर गांव में भारी बारिश के चलते एक दीवार ढहने से कुसुमा देवी (55) की मौत हो गई।

संतकबीर नगर में बखिरा थाना क्षेत्र के मलौली गांव में बृहस्पतिवार सुबह आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 19 वर्षीय आरती की मौत हो गई। सीएओ सर्वदमन सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे आरती पुत्री बाबूराम खेत में कृषि कार्य कर रही थी, इसी दौरान बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई।

एक अन्य घटना में अमेठी के जंगल राम नगर गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बृहस्पतिवार को 60 वर्षीय महिला की मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक, अमेठी थाना अंतर्गत गांव जंगल राम नगर निवासी प्रभावती (60) खेत में गेहूं की कटाई कराने गयी थीं, जहां मौसम खराब होने पर वह एक पेड़ के पास बैठ गयीं, तभी आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी जिसकी चपेट में आकर प्रभावती की मौके पर ही मौत हो गई।

इन जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ कार्यालय ने बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की जिलावार चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने कहा है कि कौशांबी, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली सहित कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इन जिलों से विस्तृत रिपोर्ट प्रतीक्षारत है।

कहां कितनी हुई बारिश?

लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बृहस्पतिवार को आंधी आई और भारी बारिश हुई। कई जगहों पर आकाशीय बिजली भी गिरी है। मौसम कार्यालय ने बताया कि मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के 24 से अधिक जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरी। राज्य की राजधानी लखनऊ में 11 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सुल्तानपुर में 25.2 मिलीमीटर के साथ सबसे भारी बारिश हुई। महत्वपूर्ण वर्षा वाले अन्य जिलों में बाराबंकी (24.8 मिलीमीटर), गाजीपुर (22.6 मिलीमीटर) और गोरखपुर (12.3 मिलीमीटर) शामिल हैं। हरदोई, कानपुर, वाराणसी, बलिया, बहराइच, अमेठी और बस्ती में भी छिटपुट वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने नेपाल की सीमा से लगे तराई बेल्ट के जिलों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में शुक्रवार को छिटपुट वर्षा की चेतावनी जारी की है।

कहां कितनी मौतें?

जिले का नाम मृतकों की संख्या
फतेहपुर 3
आजमगढ़3
फिरोजाबाद 2
कानपुर देहात2
सीतापुर 2
गाजीपुर1
गोण्डा1
अमेठी1
संतकबीरनगर1
सिद्धार्थनगर1
बलिया1
कन्नौज1
बाराबंकी1
जौनपुर1
उन्नाव1

कितने मुआवजे का है प्रावधान?

राहत आयुक्त कार्यालय से प्राप्त विवरण के अनुसार प्रदेश में 10 अप्रैल को कुल 22 जनहानि, 45 पशुहानि और 15 मकान क्षति की घटनाएं हुई हैं। उल्लेखनीय है कि बड़े दुधारू पशुहानि में 37,500 रुपये, छोटे दुधारू आदि पशु की हानि में 4,000 रुपये, बड़े गैर-दुधारू पशुहानि में 32,000 रुपये तथा छोटे गैर-दुधारू पशुहानि में 20,000 रुपये मुआवजा राशि दिए जाने का प्रावधान है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article