शहर

Lucknow News: सिपाही प्रेमी के लिए पत्नी ने दी पति की सुपारी, पति तो बच गया, अब खानी पड़ेगी जेल की हवा

Lucknow News: पत्नी द्वारा पुलिसकर्मी प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या के लिए 6 लाख रुपये की सुपारी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार है।

Image

लखनऊ में पुलिस ने सुलझाई हत्या की कोशिश की गुत्थी

Lucknow News: लखनऊ में अवैध प्रेम संबंध और हत्या की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने अपने पुलिसकर्मी प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या के लिए 6 लाख रुपये की सुपारी दी थी। शूटरों ने पति पर गोली भी चलाई। उसकी किस्मत अच्छी रही और वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने कल यानी बुधवार 19 नवंबर को आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी सिपाही सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।

मामला लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया चौराहे का है। 28 अक्टूबर की रात लगभग 10:30 बजे कोटक महिंद्रा बैंक में सेल्स मैनेजर के पद पर काम करने वाले अनुराग शुक्ला पर केंद्रीय भवन के गेट के पास फायरिंग की घटना हुई। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी। पुलिस जांच में सामने आया कि इस हमले के पीछे उनकी पत्नी आशी मिश्रा और उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही नितिन राणा की साजिश थी।

2022 से चल रहा था प्रेम संबंध

डीसीपी नॉर्थ अमित कुमार आनंद के मुताबिक, साल 2019 बैच का सिपाही नितिन राणा रिजर्व पुलिस लाइन लखनऊ में तैनात था। साल 2022 में कपूरथला स्थित मां पब्लिक लाइब्रेरी में उसकी मुलाकात आशी मिश्रा से हुई थी। दोनों उस समय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए।

साल 2025 में आशी की शादी अनुराग शुक्ला से हो गई, लेकिन शादी के बाद भी नितिन और आशी का संपर्क बना रहा। पता चला कि नितिन ने आशी को अपने नाम से एक सिम कार्ड भी दिया था, जिसके जरिए दोनों बातचीत करते थे।

पति के दूसरी महिलाओं से संबंध का लगाया आरोप

पुलिस पूछताछ में आशी ने बताया कि उसने पति का मोबाइल चेक किया था। इस दौरान उसे पता चला कि अनुराग दूसरी महिलाओं से बातचीत करते हैं। उसने यह बात नितिन को बताई। इसके बाद दोनों ने करीब तीन महीने पहले अनुराग की हत्या की योजना बनाई।

नितिन ने अपने परिचित शुभम शर्मा और अन्य लोगों से संपर्क किया। हत्या के लिए 6 लाख रुपये की सुपारी तय की गई और कुछ रकम एडवांस भी दी गई।

दो दिन रेकी के बाद की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, साजिश को अंजाम देने के लिए शूटर 26 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचे थे। उन्होंने दो दिन तक अनुराग की गतिविधियों और आने-जाने के रास्तों की रेकी भी की। इसके बाद 28 अक्टूबर की रात उन पर गोली चलाई गई।

CCTV Footage और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। डीसीपी उत्तरी की स्वाट-सर्विलांस टीम और अलीगंज पुलिस ने मेरठ के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मलियाना फाटक के पास दबिश देकर आशी मिश्रा, नितिन राणा, मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा और शिवम राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों में चार बागपत के रहने वाले बताए गए हैं। एक अन्य आरोपी मयंक राजपूत फरार है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल तमंचे की तलाश में जुटी है, जिसे आरोपियों ने रास्ते में फेंक दिया था।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article