देश

'भारत अब बिल्कुल नया गेम खेल रहा है!' PM Modi ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

पीएम मोदी ने भारत में बदलाव की तस्वीर पेश करते हुए सोशल मीडिया पर नक्सलवाद, गरीबी, सौर ऊर्जा, रेलवे विद्युतीकरण, डिजिटल कनेक्टिविटी और रक्षा निर्यात के आंकड़े शेयर किए हैं।

Image

प्रधानमंत्री ने GTA स्टाइल में शेयर की अपनी सरकार की उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में पिछले कुछ वर्षों के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में हुए बदलावों को आंकड़ों को ग्राफिक के जरिए पेश करते हुए कहा है कि भारत अब 'एक बिल्कुल नया गेम खेल रहा है'। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर अपने ID से कई ग्राफिक्स शेयर किए हैं। इनमें पहले और मौजूदा स्थिति की तुलना की गई है। इसमें नक्सलवाद, गरीबी, अर्थव्यवस्था, सौर ऊर्जा, रेलवे, डिजिटल कनेक्टिविटी और रक्षा निर्यात जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

PM Modi की इस पोस्ट में दिखाए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 182 से घटकर शून्य हो गई है। वहीं, अत्यधिक गरीबी का स्तर 27 फीसद से घटकर 2.6 फीसद दिखाया गया है। इन आंकड़ों के जरिए प्रधानमंत्री ने उनके कार्यकाल के दौरान देश में आए बदलावों और विकास की दिशा को दर्शाने करने की कोशिश की है।

नक्सलवाद और गरीबी के मोर्चे पर बड़े बदलाव का दावा

प्रधानमंत्री की ओर से शेयर किए गए ग्राफिक्स में नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई को एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर दिखाया गया है। इसमें पहले देश के 182 जिलों को नक्सल प्रभावित बताया गया था, जबकि अब यह संख्या शून्य दर्शाई गई है। इसी तरह अत्यधिक गरीबी के आंकड़े में भी बड़ी गिरावट दिखाई गई है। पोस्ट के मुताबिक, यह आंकड़ा पहले 27 फीसद था, जो अब घटकर 2.6 फीसद रह गया है।

सौर ऊर्जा और रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन में प्रगति

ऊर्जा क्षेत्र में भारत की सौर क्षमता में हुई वृद्धि को भी प्रमुखता से दिखाया गया है। ग्राफिक्स के अनुसार, देश की सोलर क्षमता 2.82 गीगावॉट से बढ़कर 175 गीगावॉट हो गई है। रेलवे के इलेक्ट्रिफिकेशन में भी बड़ा बदलाव दिखाया गया है। पहले जहां रेलवे के 20 फीसद नेटवर्क का ही इलेक्ट्रिफिकेशन था, वहीं अब यह आंकड़ा 99.6 फीसद तक पहुंचने का दावा किया गया है।

डिजिटल इंडिया से रक्षा निर्यात तक की तस्वीर

डिजिटल क्षेत्र में 3G और 5G इंटरनेट की कीमतों की तुलना की गई है। पोस्ट में 3G इंटरनेट के लिए 308 रुपये प्रति GB की कीमत के मुकाबले 5G के तहत 7.51 रुपये प्रति GB का आंकड़ा दिखाया गया है। रक्षा क्षेत्र में भी भारत की बदलती भूमिका को दर्शाया गया है। ग्राफिक्स में भारत की पुरानी स्थिति को बड़े रक्षा आयातक के रूप में दिखाया गया है, जबकि मौजूदा स्थिति में 80 से अधिक देशों को रक्षा निर्यात करने वाले देश के तौर पर पेश किया गया है।

इसके अलावा स्पेस सेक्टर में स्टार्टअप्स की बढ़ती संख्या और बुनियादी ढांचे में हुए विकास को भी ग्राफिक्स के जरिए दर्शाया गया है। प्रधानमंत्री का संदेश साफ है कि भारत की अर्थव्यवस्था, तकनीक, ऊर्जा और सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में बदलाव आया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article