शहर

Lucknow Fire Tragedy: मौत के मंजर के बीच उम्मीद की कहानी, रेस्क्यू टीम ने बचाए मासूम जानवर

लखनऊ में सोमवार को अलीगंज अग्निकांड में जहां 15 लोगों की जान गई, वहीं बचाव दल और पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने इमारत में फंसे कई कुत्तों और बिल्लियों को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया। पेट शॉप और क्लिनिक में मौजूद 22 कुत्तों-पिल्लों व कई बिल्लियों को बचाया गया।

Image

Lucknow fire rescue

Lucknow Fire Tragedy: लखनऊ के अलीगंज इलाके में आग हादसे की शिकार हुई तीन मंजिला इमारत में बचाव अभियान सिर्फ इंसानों तक ही सीमित नहीं रहा बल्कि जानवरों को भी रेस्क्यू किया गया। घटना के दौरान इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर जानवरों की एक दुकान और क्लिनिक में कई कुत्ते-बिल्लियां फंसी हुई थीं। जिनको बचाने के लिए भी जद्दोजहद की गई। जानवरों के अधिकारों के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने ’पेट शॉप’ और क्लिनिक में फंसे कई आवारा जानवरों को बचाने में मदद की।

घटना के समय 22 कुत्ते और 12 बल्लियां थी बिल्डिंग में

अलीगंज के एक पॉश इलाके में स्थित तीन मंजिला वाणिज्यिक इमारत में सोमवार की दोपहर भीषण आग लगने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गये। ज्यादातर लोगों की मौत इमारत की ऊपरी मंजिल पर बने एनिमेशन सेंटर में हुई। जानवरों के अधिकारों के लिए काम करने वालीं किरण शुक्ला आग लगने की सूचना मिलने पर फौरन मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आग लगने के समय ’पेट शॉप’ और क्लिनिक के अंदर लगभग 22 कुत्ते व पिल्ले और लगभग 12 बिल्लियां और उनके बच्चे मौजूद थे।

शुक्ला ने कहा, ’’हमने तुरंत कुत्तों और पिल्लों को बाहर निकाला, सड़क की दूसरी ओर पहुंचाया और छांव में रखा गया। हालांकि, हमारे बेसमेंट में पहुंचने से पहले आग और भड़क चुकी थी और सामने की तरफ से अंदर जाना असम्भव था।’’ उन्होंने बताया कि शाम सात बजे राहत देने वाली खबर मिली, जब बचाव अभियान के दौरान बेसमेंट में सात बिल्लियां जिंदा मिलीं और उन्हें तुरंत बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा गया।

कई बिल्लियां अभी भी लापता

हालांकि शुक्ला ने चिंता जतायी कि बेसमेंट में मौजूद चार-पांच बिल्लियां लापता हैं और आशंका है कि आग में झुलसने से उनकी मौत हो गई है। उन्होंने कहा, ’’हम इलाज के लिए आवारा जानवरों को इस पेट शॉप और क्लिनिक में लाते रहे हैं, इसलिए हम लंबे समय से यहां आते-जाते रहे हैं।’’ शुक्ला ने बताया कि आग से पेट शॉप और क्लिनिक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये हैं।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article