शहर

Lucknow Fire Tragedy: 'मारे गए लोगों के परिजन को एक-एक करोड़ रुपये मिले', अखिलेश यादव ने योगी सरकार से की बड़ी मांग

लखनऊ अग्निकांड को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने हादसे में 15 लोगों की मौत पर दुख जताते हुए भाजपा सरकार पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने और घायलों को इलाज के दौरान आर्थिक सहायता देने की मांग की। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पलटवार करते हुए कहा कि जिस इमारत में आग लगी, वह सपा सरकार के समय हुए भ्रष्टाचार का नतीजा थी और इस त्रासदी का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।

Image

लखनऊ अग्निकांड को लेकर अखिलेश यादव ने योगी सरकार के कामकाज पर उठाए सवाल। ANI

Photo : ANI

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में एक इमारत में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत की घटना को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि नियमों पर भ्रष्टाचार हावी हो चुका है। यादव ने हादसे में मारे गये लोगों के परिजन को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी की। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा प्रमुख पर पलटवार करते हुए इस त्रासदी का राजनीतिकरण नहीं करने की ताकीद की और दावा किया कि जिस इमारत में आग लगी वह खुद सपा के शासनकाल में हुए भ्रष्टाचार की देन थी।

'अगर सुरक्षा नियमों का पालन किया गया होता तो इतनी बड़ी त्रासदी नहीं होती'

सपा प्रमुख ने सोमवार को हुई घटना में लोगों की मौत पर दुख जाहिर किया और कहा, ’’अगर सुरक्षा नियमों का पालन किया गया होता तो इतनी बड़ी त्रासदी नहीं होती। नियमों का पालन नहीं होने के कारण इतने लोगों की जान चली गयी।’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने आग से बचने के लिए खिड़की से कूदने वाले एक व्यक्ति का जिक्र करते हुए कहा, ’’आज मैं उस व्यक्ति से मिला जिसे वीडियो में खिड़की से कूदते हुए देखा गया था। उसे रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। वह नौकरी करता था और उसके परिवार ने मुझे बताया कि इलाज लंबे समय तक चलेगा। उसकी मां की भी मौत हो चुकी है। सवाल यह है कि इस दौरान परिवार की देखभाल कौन करेगा।’’

मरने वालों में 21 से 25 साल के युवा भी थे

हादसे में घायल हुए लोगों की आर्थिक मदद की मांग करते हुए यादव ने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि घायल व्यक्तियों को तब तक वेतन मिलता रहे जब तक वे ठीक होकर काम पर लौटने लायक ना हो जाएं। यादव ने मारे गये लोगों के परिजन को एक-एक करोड़ रुपये की सरकारी सहायता देने की मांग करते हुए कहा, ’’मरने वालों में 21 से 25 साल के युवा भी थे, जिनका पूरा जीवन बाकी था। सरकार को उस हर परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देना चाहिए जिसने इस त्रासद घटना में किसी अपने को खोया है।’’

इस बीच, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव से इस त्रासदी का राजनीतिकरण न करने की अपील की और आरोप लगाया कि यह इमारत समाजवादी पार्टी के शासनकाल में हुए भ्रष्टाचार की ही देन थी। पाठक ने ’एक्स’ पर कहा कि यह इमारत अखिलेश यादव सरकार के समय हुए भ्रष्टाचार का एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस इमारत को सील किया गया था और अखिलेश की सरकार के दौरान ही सील हटाई भी गई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आग से प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article