शहर

कानपुर के बाद अब लखनऊ में 'हिट एंड रन'; सड़क किनारे खड़े परिवार पर चढ़ी कार, 6 साल के मासूम की मौत

कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में बना कानपुर का लैंबॉर्गिनी कांड अभी ताजा ही था कि राजधानी लखनऊ से भी कुछ ऐसी ही घटना की खबर आ गई। गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार लखनऊ में सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ गई। हादसे में एक 6 साल के मासूम की मौत हो गई है और कुल 5 लोग घायल बताए जा रहे हैं। फरार चल रहे चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Image

घटनास्थल पर लोगों की भीड़ और अस्पताल में परिजन

Photo : Times Now Digital

Lucknow Accident News: बीते दिनों का बहुचर्चित कानपुर का लैंबॉर्गिनी कांड अभी लोगों के जेहन से उतरा भी नहीं था कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक ऐसी ही लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली। गुरुवार शाम बंथरा इलाके में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया कि। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर शहर की सड़कों पर दौड़ती बेलगाम रफ्तार और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हनुमान मंदिर के पास बरपा मौत का कहर

यह दर्दनाक वाकया लखनऊ-कानपुर रोड पर स्थित हनुमान मंदिर के पास हुआ। शाम जब सड़क पर सामान्य चहल-पहल थी, तभी लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही एक कार अचानक बेकाबू हो गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक उस पर नियंत्रण खो बैठा। कार ने पहले एक खड़ी बाइक को टक्कर मारी और फिर सीधे वहां किनारे खड़े परिवार पर चढ़ गई। इस दौरान कार ने एक खाली ऑटो और ई-रिक्शा को भी अपनी चपेट में ले लिया।

6 साल के मासूम की मौत, परिवार में कोहराम

हादसे का सबसे दुखद पहलू 6 वर्षीय मासूम दीक्षांत पटेल की मौत रही। उन्नाव के अटवा खुर्द निवासी संजय पटेल का बेटा दीक्षांत अपनी मां साधना और दादी मीना देवी के साथ खड़ा था। कार की सीधी टक्कर से वह बुरी तरह जख्मी हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में दीक्षांत की मां, दादी, 12 साल का अरमान और ई-रिक्शा चालक अवध बिहारी समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

फरार चालक गिरफ्तार

हादसे के बाद कार में सवार युवक, मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। हालांकि, कार में मौजूद युवती को आक्रोशित भीड़ ने मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी गुस्सा है। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के 24 घंटों के भीतर ही पुलिस ने फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article