दिल्ली : केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत (Gajendra Singh Shekhawat) ने शुक्रवार को केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी (Hardeep Singh Puri) और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की। बैठक में वाणिज्यिक एलपीजी की मौजूदा उपलब्धता और उसके होटल, रेस्तरां तथा पर्यटन उद्योग पर पड़ रहे प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद शेखावत ने कहा कि सरकार स्थिति को सामान्य करने के लिए त्वरित कदम उठा रही है, ताकि उद्योग पर पड़ रहे दबाव को कम किया जा सके।
होटलों और रेस्तरां को अतिरिक्त राहत
उन्होंने बताया कि राहत के तौर पर आज से ही व्यवसायों को उनकी औसत मासिक वाणिज्यिक गैस आवश्यकता का लगभग 20 प्रतिशत एलपीजी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा होटलों और रेस्तरां को अतिरिक्त राहत देने के लिए गैस की आपूर्ति बढ़ाने की व्यवस्था पर भी काम किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र के संचालन में किसी तरह की बाधा न आए।
शेखावत ने कहा कि इस मुद्दे पर लगातार नजर रखने के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय और पर्यटन मंत्रालय के बीच समन्वय बनाए रखा जाएगा। दोनों मंत्रालय स्थिति की नियमित समीक्षा करेंगे और उद्योग से जुड़े हितधारकों के साथ भी संवाद जारी रहेगा, ताकि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि एलपीजी आपूर्ति पर मौजूदा दबाव वैश्विक परिस्थितियों का परिणाम है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्षों और भू-राजनीतिक तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान पैदा हुआ है, जिसका असर कई देशों में देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व में केंद्र सरकार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने और साथ ही होटल-पर्यटन उद्योग को आवश्यक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार लगातार वैकल्पिक आपूर्ति स्रोतों पर भी काम कर रही है, ताकि देश में ऊर्जा की उपलब्धता बनाए रखी जा सके।
शेखावत ने भरोसा जताया कि सरकार के इन कदमों से होटल, रेस्तरां और पर्यटन क्षेत्र को राहत मिलेगी और आने वाले दिनों में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगी।
