शहर

भीषण गर्मी के बीच गुजरात निकाय चुनाव के लिए मतदान संपन्न; नगर निगमों में कम वोटिंग, ग्रामीण इलाकों में दिखा उत्साह

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों के तहत रविवार को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। भीषण गर्मी के बीच नगर निगमों में कम मतदान दर्ज किया गया, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Image

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान संपन्न

Gujarat Local Body Elections 2026: गुजरात में विभिन्न स्थानीय निकायों के लिए रविवार को मतदान संपन्न हो गया, जिसमें भीषण गर्मी के बीच 15 नगर निगमों में 50 प्रतिशत से कम मतदान दर्ज किया गया। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के अनुसार नगर निगमों में जहां 48.55 प्रतिशत मतदान हुआ, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान की प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

जिला पंचायतों में 60.22 प्रतिशत और तालुका पंचायतों में 61.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह चुनाव अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट सहित 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों में आयोजित किए गए। यह राज्य में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सबसे बड़ी चुनावी प्रक्रियाओं में से एक है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा शाम छह बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, नगर निगमों में 48.55 प्रतिशत, नगरपालिकाओं में 58.12 प्रतिशत, जिला पंचायतों में 60.22 प्रतिशत और तालुका पंचायतों में 61.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

कच्छ जिले के गांधीधाम में सबसे ज्यादा मतदान

नगर निगमों में कच्छ जिले के गांधीधाम नगर निगम में सबसे कम 39.85 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि वलसाड जिले के वापी नगर निकाय में सबसे अधिक 65.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान शांतिपूर्ण रहा और किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद में अपने मताधिकार का प्रयोग किया जबकि उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने सूरत में मतदान किया। पुलिस के अनुसार, संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी और विशेष दस्तों की तैनाती के साथ त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

चुनाव प्रक्रिया 30 अप्रैल तक पूरी होने की उम्मीद

यह चुनाव अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण के संशोधित नियमों के तहत कराए गए, जिसके लिए कई जिलों में वार्डों का पुनर्गठन और परिसीमन किया गया था। यदि आवश्यक हुआ तो पुनर्मतदान 27 अप्रैल को कराया जाएगा। मतगणना 28 अप्रैल को होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 30 अप्रैल तक पूरी होने की उम्मीद है। भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी तथा और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन(एआईएमआईएम) के उम्मीदवार भी मैदान में थे, जिससे कई स्थानों पर बहुकोणीय मुकाबले देखने को मिले। राज्य में नौ नवगठित नगर निगमों-नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी, आनंद, नडियाद, मेहसाणा, पोरबंदर और सुरेंद्रनगर में पहली बार चुनाव कराए गए।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!