शहर

गुजरात में भीषण गर्मी के बीच मतदान पर असर; 44 डिग्री तापमान में AAP उम्मीदवार समेत 3 की मौत

गुजरात में चुनाव के दौरान भीषण गर्मी के बीच कई दुखद घटनाएं सामने आई हैं। अलग-अलग जिलों से शाम तक तीन लोगों की मौत की खबर ने माहौल को गमगीन कर दिया। मतदान के दौरान हार्ट अटैक की घटनाओं ने गर्मी के खतरे को और गंभीर बना दिया है।

Image

गुजरात में चुनावी माहौल पर भारी पड़ी भीषण गर्मी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Gujarat News: गुजरात में स्थानीय स्वराज्य चुनाव के दौरान 44 डिग्री तक पहुंची भीषण गर्मी के बीच शाम 5:30 बजे तक अलग-अलग जिलों से तीन मौतों की खबर सामने आई है। जामनगर से सबसे बड़ी खबर आई, जहां महानगरपालिका वार्ड नंबर 3 से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार नरेंद्रसिंह जाडेजा का मतदान के दौरान ही हार्ट अटैक से निधन हो गया। चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवार का इस तरह अचानक जाना पूरे इलाके के लिए सदमे जैसा रहा।

बूथ ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी की मौत

वहीं आनंद जिले के पेटलाद तालुका के सांसेज गांव में भी एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां बूथ नंबर 1 पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी अमितभाई विठ्ठलभाई सोलंकी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। प्राथमिक आशंका हार्ट अटैक की जताई जा रही है। उन्हें तत्काल तारापुर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अमितभाई गांव की ग्राम पंचायत में पटावाला के तौर पर सेवा दे रहे थे।

65 वर्षीय महिला की हार्ट अटैक से मौत

घटना की जानकारी मिलते ही सोजित्रा विधानसभा के विधायक विपुलभाई पटेल अस्पताल पहुंचे। इसी तरह पाटन में भी मतदान के दौरान एक 65 वर्षीय महिला मतदाता, कमलाबेन अनिलकुमार सोलंकी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बी.एम. स्कूल मतदान केंद्र पर वोट डालने के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया। प्राथमिक जांच में उनकी तबीयत पहले से ही नाजुक होने की बात सामने आई है। भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच इन घटनाओं के बाद लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया मतदान

गौरतलब है कि आज ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने रविवार को अपना वोट डाला। यह चुनाव अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट समेत 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए हो रहे हैं जो राज्य के सबसे बड़े चुनावी अभ्यासों में से एक है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगी। गुजरात में 15 नगर निगमों और 84 नगरपालिकाओं सहित कई स्थानीय निकायों के चुनावों के लिए रविवार सुबह मतदान शुरू हो गया। शाह, अपनी पत्नी सोनलबेन और बेटे जय शाह के साथ अहमदाबाद के नारणपुरा उप खंड कार्यालय में बने मतदान केंद्र में अपना वोट डालने पहुंचे। मतदान केंद्र के बाहर पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

गुजरात में कैसा रहने वाला है मौसम?

बात अगर गुजरात के मौसम की मौसम की करें तो, फिलहाल राज्य के तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा और 28 अप्रैल तक अधिकतम तापमान लगभग स्थिर रहने की संभावना है। इसके बाद 29 अप्रैल से 2 मई के बीच तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 अप्रैल के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। इसके अलावा तटीय क्षेत्रों में 26 अप्रैल को गर्म और उमस भरा मौसम रहने के आसार हैं, जिससे लोगों को असहज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article