पुणे में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का प्रभाव अब शैक्षणिक संस्थानों पर भी नजर आने लगा है। लोनावला के हुडको कॉलोनी स्थित वेदांत अकादमी परिसर में सोमवार को बाढ़ का पानी भर गया। जिससे कई छात्र-छात्राएं परिसर में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत हरकत में आया। जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
PDRF टीम मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही पीएमआरडीए (Pune Metropolitan Region Development Authority) की पीडीआरएफ (PDRF) टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद बचाव दल ने स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम का प्राथमिकता सभी फंसे हुए छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान
प्रशासन के अनुसार, रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है। बाढ़ के पानी से घिरे परिसर में फंसे छात्रों तक सुरक्षित पहुंचने और उन्हें बाहर निकालने के लिए जरूरी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए रखी है।
अफवाहों से बचने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें। सिर्फ प्रशासन और संबंधित एजेंसियों द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें। साथ ही लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की भी सलाह दी गई है।
पुणे में मौसम बना आफत
पुणे में लगातार मूसलाधारा बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आज भी कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई है। जिसको लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। खराब मौसम के कारण बारिशजनित घटनाएं भी सामने आ रही हैं। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के मिसिंग लिंक पर भूस्खलन के कारण मुंबई की ओर जाने वाली लेन पूरी तरह बंद हो गई। बारिश और लैंडस्लाइड के कारण मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर भी यातायात प्रभावित है। इसके अलावा पाटन गांव में एक मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। जिससे पूरा परिवार मलबे में दब गया। हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अभी तक एक शख्स की मौत की खबर सामने आई है।
