शहर

Noida Breaking: 70 लाख रुपये का कर्ज और 15 पन्नों का सुसाइड नोट; लोकसभा सचिवालय के निदेशक ने पंखे से लटक कर दे दी जान

नोएडा में लोकसभा सचिवालय में निदेशक द्वारा अपने फ्लैट में सुसाइड करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Image

लोकसभा सचिवालय के निदेशक ने की आत्महत्या। (सांकेतिक तस्वीर)

Photo : IANS

नोएडा के सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसाइटी से बड़ी खबर सामने आई है।यहां लोकसभा सचिवालय में निदेशक पद पर कार्यरत 40 वर्षीय गौरव गौतम ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के पीछे लाखों के कर्ज का दबाव होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल थाना फेस-2 पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना का पता उस समय चला जब गौरव गौतम की पत्नी मायके से वापस घर लौटीं। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला और मोबाइल फोन का भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। सोसाइटी के गार्ड की मदद से फ्लैट का दरवाजा खोला गया तो गौरव गौतम पंखे से लटके मिले। परिजन उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने फ्लैट की तलाशी के दौरान 15 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नोट में गौरव गौतम ने अपनी मौत के लिए स्वयं को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने लिखा है कि लगातार बढ़ते खर्च और आर्थिक दबाव के कारण उन पर करीब 70 लाख रुपये का कर्ज हो गया था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे।

पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में किसी अन्य व्यक्ति पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। फिलहाल नोट की सामग्री और अन्य तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। थाना फेस-2 प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से 15 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आर्थिक तंगी और लगभग 70 लाख रुपये के कर्ज का उल्लेख किया गया है। परिजनों की ओर से फिलहाल किसी के खिलाफ कोई शिकायत या आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article