शहर

Lok Sabha Chunav Phase 2 Voting MP: दूसरे चरण में मध्य प्रदेश की छह सीटों पर चुनाव, देखें किसके बीच है मुकाबला

Lok Sabha Chunav Phase 2 Voting Tikamgarh, Damoh, Khajuraho, Satna, Rewa, Hoshangabad: मध्य प्रदेश में दूसरे चरण का चुनाव 26 अप्रैल यानी शुक्रवार होना है। दूसरे चरण में मध्य प्रदेश की छह सीटों पर मतदान होने हैं। इनमें टीकमगढ़ (Tikamgarh), दमोह (Damoh), खजुराहो (Khajuraho), सतना (Satna), रीवा (Rewa) और होशंगाबाद (Hoshangabad) लोकसभा सीटें शामिल हैं। आइए जानते हैं कि इन सीटों पर किसका-किससे मुकाबला है।

Image

दूसरे चरण में इन सीटों पर चुनाव।

Photo : Times Now Digital

Lok Sabha Election 2024: देश में पहले चरण का चुनाव संपन्न हो चुके हैं। पहले चरण में 21 राज्यों की 102 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ था। वहीं, अब दूसरे चरण में 12 राज्यों की 88 लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल यानी शुक्रवार को मतदान होना है। आइए जानते हैं कि दूसरे चरण में मध्य प्रदेश की किन सीटों पर चुनाव होने हैं और उन सीटों पर कौन-कौन चुनाव लड़ रहे हैं। साथ ही शुक्रवार को जिन सीटों पर चुनाव होने हैं, उन पर पिछले लोकसभा चुनाव में कैसा रिजल्ट था। बता दें दूसरे चरण में मध्य प्रदेश की छह सीटों पर मतदान होने हैं। इनमें टीकमगढ़ (Tikamgarh), दमोह (Damoh), खजुराहो (Khajuraho), सतना (Satna), रीवा (Rewa) और होशंगाबाद (Hoshangabad) लोकसभा सीटें शामिल हैं।

टीकमगढ़ लोकसभा सीट

मध्य प्रदेश की टीकमगढ़ लोकसभा सीट 2008 में परिसीमन के बाद अलग हुई थी और टीकमगढ़ सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। इस सीट पर 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा के वीरेंद्र कुमार को जीत मिली थी। पिछले चुनाव में वीरेंद्र कुमार को 6,72,248 वोट मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस के प्रत्याशी अहिरवार किरण को 3,24,189 मत प्राप्त हुए थे। इस बार इस सीट से भाजपा ने जहां वीरेंद्र कुमार को टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने युवा चेहरा पंकज अहिरवार को उतारा है।

प्रमुख उम्मीदवार

  • वीरेंद्र कुमार- भाजपा/NDA
  • पंकज अहिरवार- कांग्रेस/INDIA

दमोह लोकसभा सीट

मध्य प्रदेश की दमोह लोकसभा सीट पर पहली बार 1962 में चुनाव हुआ था और इस सीट पर अब तक भाजपा ने आठ बार जीत दर्ज की है। पिछले लोकसभा चुनाव में इस सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रह्लाद सिंह पटेल ने 7,04,524 मत प्राप्त किए थे और उनके सामने चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के प्रत्याशी प्रताप सिंह को 3,51,113 मत मिले थे। वहीं, इस लोकसभा चुनाव में भाजपा ने इस सीट से राहुल लोधी को चुनाव मैदान में उतारा है। राहुल लोधी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। इस बार उन्हें कांग्रेस के उम्मीदवार तरवर सिंह लोधी से टक्कर है। अब देखना है कि क्या इस चुनाव में भाजपा अपना रिकॉर्ड बरकरार रखती है या कांग्रेस उस अभेद किले को तोड़ने में सफल हो पाती है।

प्रमुख उम्मीदवार

खजुराहो लोकसभा सीट

खजुराहो लोकसभा सीट पर इस बार का मुकाबला काफी दिलचस्प है, क्योंकि यहां से सपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो चुका है। ऐसे में आईएनडीआईए ने ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार आरबी प्रजापति को अपना समर्थन दिया है। वहीं, भाजपा ने मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को दूसरी बार मैदान में उतारा है। इससे पहले भी विष्णु दत्त शर्मा ने इस सीट से जीत हासिल की थी। अब देखना है कि इस चुनाव में आरबी प्रजापति उन्हें कहां तक टक्कर दे पाते हैं। बता दें कि खजुराहो लोकसभा सीट पर 2019 भाजपा प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा ने जीत हासिल की थी। विष्णुदत्त शर्मा को 8,11,135 वोट मिले थे। उनके सामने कांग्रेस की उम्मीदवार कविता सिंह चुनाव लड़ रही थी, जिन्हें 3,18,753 मत प्राप्त हुए थे।

प्रमुख उम्मीदवार

  • विष्णु दत्त शर्मा- भाजपा/NDA
  • आरबी प्रजापति- INDIA (समर्थन प्राप्त)

सतना लोकसभा सीट

सतना लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला हो सकता है। इस सीट से भाजपा ने चार बार के सांसद गणेश सिंह को फिर से मैदान में उतारा है तो वहीं, उनके सामने कांग्रेस उम्मीदवार सिद्धार्थ कुशवाहा ने ताल ठोका है। हालांकि, इस सीट पर अब त्रिकोणीय मुकाबला बनता हुआ दिख रहा है, क्योंकि इस सीट से नारायण त्रिपाठी बसपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतर आए हैं। नारायण त्रिपाठी मैहर से चार बार विधायक रहे हैं। ऐसे में वह इस सीट पर खेल बिगाड़ सकते हैं। अगर हम पिछले चुनाव की बात करें तो 2019 लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा के गणेश सिंह को 5,88,753 वोट मिले थे। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी राजाराम त्रिपाठी को 3,57,280 मत प्राप्त हुए थे।

प्रमुख उम्मीदवार

  • गणेश सिंह- भाजपा/NDA
  • सिद्धार्थ कुशवाहा- कांग्रेस/INDIA
  • नारायण त्रिपाठी- बीएसपी

रीवा लोकसभा सीट

मध्य प्रदेश की रीवा सीट काफी महत्वपूर्ण सीट है। इस सीट पर जातीय समीकरण का दबदबा रहा है। पिछले चुनाव में यहां से भाजपा के जनार्दन मिश्रा को जीत मिली थी। उन्हें 2019 में 5,83,745 वोट मिले थे। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार सिद्धार्थ तिवारी को 2,70,938 मत प्राप्त हुए थे। इस बार फिर से भाजपा ने दो बार के सांसद जनार्दन मिश्रा को टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने अभय मिश्रा की पत्नी नीलम मिश्रा को चुनाव मैदान में उतारा है। माना जा रहा है कि नीलम मिश्रा और जनार्दन मिश्रा के बीच सीधी टक्कर होने वाली है।

प्रमुख उम्मीदवार

  • जनार्दन मिश्रा- भाजपा/NDA
  • नीलम मिश्रा- कांग्रेस/INDIA

होशंगाबाद लोकसभा सीट

होशंगाबाद लोकसभा सीट से भाजपा ने इस बार नए चेहरे को मैदान में उतारा है। भाजपा ने किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौहान को टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने संजय शर्मा को मैदान में भेजा है। माना जा रहा है होशंगाबाद में इन दोनों के बीच सीधी टक्कर होगी। अगर पिछले चुनाव की बात करें तो इस सीट पर 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की थी। 2019 में भाजपा के उम्मीदवार उदय प्रताप सिंह ने कांग्रेस के शैलेंद्र दीवान को पांच लाख से ज्यादा वोटों से हराया था। भाजपा उम्मीदवार को 8,77,927 वोट मिले थे। वहीं, कांग्रेस के शैलेन्द्र दीवान 3,24,245 मत लाने में कामयाब हो पाए थे।

प्रमुख उम्मीदवार

  • दर्शन सिंह चौहान- भाजपा/NDA
  • संजय शर्मा- कांग्रेस/INDIA
Devshanker Chovdhary
Devshanker Chovdhary author

<p>देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स और लोगों से जुड़ी स्टोरी करते हैं। हर स्टोरी में अलग एंगल निकालने पर फोकस रहता है। इसके अलावा ग्राउंड की स्टोरी और रिसर्च बेस्ड स्टोरी करने में विशेष रुचि रखते हैं।&nbsp;बीते वर्षों में टेलीविजन और डिजिटल मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इससे पहले इन्होंने दैनिक जागरण, यूनीवार्ता, एबीपी न्यूज और रोहतास पत्रिका में काम किया है। दैनिक जागरण में रियल टाइम डेस्क पर काम कर चुके हैं, जहां वर्ल्ड अफेयर्स और नेशनल बीट की खबरें करते थे। यूनीवार्ता में नेशनल और विदेश डेस्क पर काम कर चुके हैं। एबीपी न्यूज में डिजिटल टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रोहतास पत्रिका में काम करने के दौरान कोविड काल में बिहार के कई जिलों में घूम-घूम कर काम करने का अनुभव है। ग्रेजुएशन के दौरान ही पत्रकारिता से जुड़ गए थे, जिस दौरान दैनिक अखबारों के साथ काम किया है। अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट ऑनर्स में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं।</p>

और पढ़ें
End of Article