शहर

Latur: कुंडली दोष के नाम पर अंधविश्वास का खेल! 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में बाबा गिरफ्तार

Latur News: लातूर में कुंडली दोष दूर करने के नाम पर 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने 45 वर्षीय आरोपी बाबा को गिरफ्तार किया है और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज हुआ है।

Image

लातूर में कुंडली दोष दूर करने के नाम पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप

Photo : Times Now Digital

Latur Crime News: महाराष्ट्र के लातूर जिले से कुंडली के दोष दूर करने के नाम पर एक 17 वर्षीय नाबालिग के साथ लंबे समय तक अत्याचार किए जाने का मामला सामने आया है। इस अमानवीय कृत्य के बाद पीड़िता के गर्भवती होने की बात सामने आई। पुलिस ने आरोपी तथाकथित बाबा को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कोर्ट ने उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

30 साल से पूजा-पाठ करने का दावा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान 45 वर्षीय रामेश्वर हनमंतराव रामदासी उर्फ रामेश्वर महाराज के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 30 सालों से पूजा-पाठ का काम करता आ रहा है। वह शहर के एक प्रतिष्ठित मंदिर में पुजारी के रूप में भी कार्यरत है। इसी दौरान आरोपी की पहचान पीड़ित नाबालिग छात्रा के पिता से हुई और उसका परिवार के घर आना-जाना शुरू हो गया।

कुंडली दोष का झांसा देकर बनाया शिकार

आरोप है कि आरोपी ने छात्रा की कुंडली में भारी दोष होने की बात कही। उसने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस दोष को दूर करने के लिए विशेष पूजा करनी होगी। इसी बहाने वह पिछले साल जून महीने से लगातार पीड़िता के घर आना-जाना करने लगा। इसी दौरान उसने नाबालिग छात्रा के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। कुछ समय बीतने के बाद छात्रा के पेट में लगातार दर्द की शिकायत शुरू हो गई, जिसपर परिजन उसे इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने नाबालिग की मेडिकल जांच की, जिसमें उसके गर्भवती होने का सच सामने आया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी

अस्पताल से मिली मेडिकल-लीगल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। मामले में आरोपी रामेश्वर हनमंतराव रामदासी के खिलाफ विवेकानंद पुलिस स्टेशन में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत में पेश करने के बाद चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इस आरोपी ने पहले भी किसी अन्य के साथ इस तरह की धोखाधड़ी या आपराधिक कृत्य को अंजाम दिया है। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article