Udham Singh Nagar Accident: उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता क्षेत्र में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। त्योहार पर घर जाने के लिए टैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर निकले कुछ मजदूरों को रास्ते में मौत मिली। शनिवार देर रात नानकसागर डैम के पास ट्रैक्टर-ट्राली और एक तेज रफ्तार पिकअप की भिड़ंत हो गई। हादसे में चार मजदूरों की दुखद मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी मृतक और घायल संभल के रहने वाले थे।
ट्रॉली में दबने से हुई मौत
जानकारी के अनुसार, सभी लोग दीपावली मनाने के लिए अपने घर संभल जा रहे थे कि नानकसागर डैम के पास मोड़ पर एक पिकअप वाहन ने ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई और उसमें सवार मजदूर नीचे दब गए।
घायलों का चल रहा इलाज
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे फंसे लोगों को रेस्क्यू किया और सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने अखिलेश पुत्र अंतराम और जयवीर पुत्र श्यामलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गुरमुख और शिशपाल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें उच्च केंद्र रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में दोनों ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। हादसे में घायल हुए तीन अन्य लोगों का उपचार उपजिला चिकित्सालय खटीमा में चल रहा है।
