Faridabad News: फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड स्थित बंधवाड़ी टोल प्लाजा पर ड्यूटी के दौरान एक सिक्योरिटी गार्ड की अचानक मुंह के बल गिरने के बाद मौत हो गई। घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें कर्मचारी बैरियर के पास जमीन पर गिरने के बाद करीब 25 सेकंड तक तड़पता दिखाई दे रहा है। मृतक की पहचान मूल रूप से अलीगढ़ निवासी 36 वर्षीय राजेंद्र के रूप में हुई है, जो पिछले 13 सालों से इसी टोल पर काम कर रहा था।
परिजनों ने लगाया कार से टक्कर का आरोप
मृतक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने टोल प्रबंधन और एक अज्ञात कार चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के मुताबिक, 1 सितंबर को इमरजेंसी लेन में बैक करते समय एक वैगनआर कार ने राजेंद्र को टक्कर मार दी, जिससे उसका सिर सड़क से टकरा गया। आरोप है कि चालक ने साथी कर्मचारी को इलाज के नाम पर 1,000 रुपये दिए और मौके से फरार हो गया।
समय पर इलाज न मिलने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि घटना के 10 मिनट बाद राजेंद्र की तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया, लेकिन टोल प्रबंधन ने उसे समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया और करीब एक घंटे तक वह वहीं पड़ा रहा। परिजनों के अनुसार, टोल कर्मचारियों ने राजेंद्र के रिश्तेदारों को सूचना दी। इसके बाद परिजन टोल पर पहुंचे और उसे बीके अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम में हार्ट अटैक की पुष्टि
टोल इंचार्ज के अनुसार, प्रबंधन बदलने के कारण पिछले तीन महीनों से टोल प्लाजा पर कोई एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। वहीं ग्वाल पहाड़ी पुलिस चौकी प्रभारी नरबीर ने बताया कि मामले में किसी प्रकार की कार टक्कर का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का वास्तविक कारण हार्ट अटैक आया है। मृतक के शरीर पर बाहरी चोट का कोई निशान नहीं पाया गया है। पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई के तहत शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
