कोलकाता

पश्चिम बंगाल में मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म; खाने पर गई थी दोस्त के साथ बाहर, दरिंदों ने बनाया हैवानियत का शिकार

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज के बाहर ओडिशा की एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने सनसनी फैला दी है। पीड़िता द्वितीय वर्ष की छात्रा है और फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर भेजा गया है।

Image

दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा के साथ कथित तौर पर गैंगरेप का मामला

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Kolkata Medical Student Rape Case: पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है, जहां ओडिशा की एक मेडिकल छात्रा के साथ कथित रूप से कुछ अज्ञात लोगों ने दुष्कर्म किया। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी। पीड़िता के परिजनों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज के परिसर के बाहर उस समय हुई जब वह अपने एक दोस्त के साथ रात का खाना खाने बाहर गई थी। पीड़िता, जो द्वितीय वर्ष की छात्रा है और ओडिशा के जलेश्वर की निवासी है। फिलहाल, पीड़िता का एक नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दोस्त के साथ खाने के लिए बाहर गई थी पीड़िता

पुलिस ने बताया कि मेडिकल छात्रा के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना की जांच शुरू कर दी गई है, छात्रा के माता-पिता ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्हें अपनी बेटी के दोस्तों से घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे शनिवार सुबह दुर्गापुर पहुंचे। छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि रात करीब 10 बजे, जब उनकी बेटी अपने एक दोस्त के साथ खाने के लिए बाहर गई थी, तभी यह घटना हुई। पिता ने कहा कि उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता को देखते हुए अपनी बेटी को वहां पढ़ने भेजा था, लेकिन इस घटना ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया है।

दरिंदों ने जंगल में दिया हैवानियत को अंजाम

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि शुक्रवार रात लगभग 8 से 8:30 बजे के बीच ओडिशा की मेडिकल छात्रा अपने एक मित्र के साथ कॉलेज परिसर से बाहर गई थी। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और उसका मित्र उसे अकेला छोड़कर चला गया। आरोप है कि उन लोगों ने छात्रा का मोबाइल फोन छीन लिया और उसे परिसर के बाहर स्थित जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया।

पुलिस के द्वारा मामले की जांच जारी

पीड़िता को धमकी दी गई कि यदि उसने किसी को इस घटना की जानकारी दी, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि आरोपियों ने एक चिकित्सक से पीड़िता का फोन लौटाने के बदले पैसे की मांग की थी। छात्रा का बयान दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने उसके मित्र से भी पूछताछ की है। मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य एकत्र करने के लिए घटनास्थल पर भेजा जाएगा।

ओडिशा के सीएम ने की सख्त कार्रवाई की मांग

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में ओडिशा की एक छात्रा के साथ हुए सामूहिक बलात्कार की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से हस्तक्षेप की मांग की है। पीड़िता के परिवार के अनुसार यह घटना शुक्रवार की रात पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में निजी मेडिकल कॉलेज के बाहर हुई, जब ओडिशा के बालासोर जिले के जलेश्वर की रहने वाली दूसरी साल की छात्रा अपने मित्र के साथ रात के खाने के लिए गई थी। छात्रा का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है।

यह घटना अत्यंत ही निंदनीय और पीड़ादायक

माझी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यह घटना अत्यंत निंदनीय और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से कानून के अनुसार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। साथ ही, मुख्यमंत्री ने पीड़िता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और बताया कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को पश्चिम बंगाल सरकार से संपर्क कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। ओडिशा सरकार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article