कोलकाता

Kolkata Kal Ka Mausam : बंगाल की खाड़ी में बनेगा लो प्रेशर, कल बादल बरसेंगे मूसलाधार; कोलकाता के लिए बड़ा अलर्ट

Kolkata Kal Ka Mausam 24 September 2025: कोलकाता में तीन घंटे की बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने अभी और अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण हुई और पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्से के बारिश प्रभावित जिलों में बुधवार सुबह तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।

Image

कल का मौसम (फोटो-PTI)

Kolkata Kal Ka Mausam 24 September 2025: कोलकाता में बीती रात तीन घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए। आईएमडी ने सोमवार रात 2:30 बजे से 5:30 बजे के बीच 185.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। यह भारी बारिश एक निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण हुई और पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्से के बारिश प्रभावित जिलों में बुधवार सुबह तक बारिश जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 सितंबर को इसी तरह की एक और मौसमी प्रणाली बनने और क्षेत्र में बारिश होने का अनुमान है।

आईएमडी ने कहा कि सोमवार रात तीन से चार बजे के बीच हर घंटे अधिकतम 98 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि मानदंडों के अनुसार यह बादल फटने की घटना नहीं है। 20 से 30 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में एक घंटे में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश को बादल फटना कहा जाता है। महानगर में सोमवार रात 11:30 बजे से 2:30 बजे के बीच 48.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सुबह 5:30 बजे से 8:30 बजे के बीच 12.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे की अवधि में कोलकाता में 251.4 मिलीमीटर की अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। इसी 24 घंटे की अवधि के दौरान निकटवर्ती साल्ट लेक क्षेत्र में 230 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोमवार को बना एक निम्न दबाव का क्षेत्र मंगलवार को पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्रों और उससे सटे उत्तरी ओडिशा व बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है।

आईएमडी ने कहा कि 25 सितंबर को समुद्र के ऊपर एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है। 27 सितंबर के आसपास इसके दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों को पार करने की संभावना है। इन मौसम प्रणालियों को देखते हुए दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम वर्षा होने तथा कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है।

मूसलाधार बारिश से 10 लोगों की मौत

मूसलाधार बारिश के कारण कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से नौ व्यक्तियों की मृत्यु बिजली का करंट लगने से हुई। लगभग चार दशक के बाद हुई इतनी भारी बारिश के कारण हवाई, रेल और सड़क परिवहन प्रभावित हुआ। शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं और राज्य सरकार को दो दिन पहले ही दुर्गा पूजा की छुट्टियां घोषित करनी पड़ी।

कोलकाता से 90 फ्लाइट कैंसिल

कोलकाता में मंगलवार को मूसलाधार बारिश से हवाई यात्रा बुरी तरह प्रभावित हुई और 90 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं वहीं करीब 90 उड़ानों में काफी देरी हुई। इसके साथ ही महानगर में जलभराव के कारण सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। एओसीसी (हवाई अड्डा परिचालन नियंत्रण केंद्र) बुलेटिन में कहा गया है कि सोमवार मध्यरात्रि से मंगलवार शाम साढ़े सात बजे के बीच खराब मौसम के कारण 42 आने वाली और 49 जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गईं

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article