शहर

कोलकाता एयरपोर्ट पर DRI की बड़ी कार्रवाई, बैंकॉक जा रहे 7 यात्री गिरफ्तार, 3.51 करोड़ की विदेशी मुद्रा जब्त

Foreign Currency Smuggling: DRI को 6 नवंबर की सुबह खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ यात्री अवैध तरीके से भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा लेकर बैंकॉक जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने सात यात्रियों को रोककर उनके हैंड बैगेज और चेक-इन लगेज की गहन तलाशी ली।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- PTI)

Foreign Currency Smuggling: विदेशी मुद्रा की अवैध तस्करी के खिलाफ डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की है। DRI अधिकारियों ने बैंकॉक जा रहे सात यात्रियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3.12 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद की है। इसके अलावा, कुछ अन्य यात्रियों से भी 39 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा जब्त की गई है। इस तरह कुल बरामदगी करीब 3.51 करोड़ रुपये की है।

विदेशी मुद्रा तस्करी का भंडाफोड़

DRI को 6 नवंबर की सुबह खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ यात्री अवैध तरीके से भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा लेकर बैंकॉक जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने सात यात्रियों को रोककर उनके हैंड बैगेज और चेक-इन लगेज की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान अमेरिकी डॉलर (USD) और ब्रिटिश पाउंड (GBP) बरामद हुए। तस्करों ने विदेशी मुद्रा छिपाने के लिए बेहद शातिर तरीके अपनाए थे। नोटबुक के अंदर, ट्रॉली बैग के दोहरी परत वाले गुप्त खानों, जूतों और कपड़ों की जेबों में नोट छिपाए गए थे। कुछ विदेशी मुद्रा बैग के भीतर गहराई में भी छिपाकर रखी गई थी।

6 नवंबर को मिली थी खुफिया जानकारी

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार यात्री बरामद विदेशी मुद्रा के वैध स्वामित्व या उसे अपने पास रखने से जुड़े जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद सातों को गिरफ्तार कर कस्टम एक्ट और FEMA के प्रावधानों के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई की गई। वहीं, अन्य यात्रियों के सामान से 39 लाख रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा मिलने के बाद उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया गया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- वाराणसी में वेल्डिंग मशीन से तैयार होते थे असलहे

DRI ने 7 यात्रियों को दबोचा

DRI के मुताबिक, यह कार्रवाई देश से विदेशी मुद्रा की अवैध निकासी में शामिल संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान का हिस्सा है। एजेंसी ने साफ किया है कि आर्थिक और वित्तीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। सूत्रों के मुताबिक, DRI अब इस बात की जांच कर रही है कि ये यात्री किस गिरोह के लिए काम कर रहे थे और बैंकॉक में यह मुद्रा किसे सौंपी जानी थी। एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि क्या इससे पहले भी इसी रूट से विदेशी मुद्रा की तस्करी की गई है।

तय सीमा से ज्यादा मुद्रा ले जाना अपराध

बता दें कि विदेशी मुद्रा को बिना घोषणा के तय सीमा से ज्यादा ले जाना FEMA और कस्टम एक्ट के तहत अपराध है। एयरपोर्ट पर पकड़े गए यात्रियों से बरामद डॉलर और पाउंड की गिनती के बाद उन्हें सील कर दिया गया है। DRI ने एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट पर रहने को कहा है ताकि इस तरह की तस्करी पर लगाम लगाई जा सके।

Pooja Mehta
पूजा मेहताauthor

पूजा मेहता एक वरिष्ठ टेलीविज़न पत्रकार हैं, जिन्हें रिपोर्टिंग का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने राजनीति, आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष, रक्षा, पर्यावरण और अपराध पर व्यापक रिपोर्टिंग की है, विशेष रूप से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों पर गहरा फोकस रखते हुए। संघर्षग्रस्त इलाकों से उनकी ज़मीनी रिपोर्टिंग और जटिल मुद्दों की गहन समझ उन्हें पैनी दृष्टि और विश्वसनीय विश्लेषण के लिए अलग पहचान दिलाती है। वह प्रमाणित Defence Correspondent हैं और अमेरिकी विदेश विभाग के प्रतिष्ठित International Visitor Leadership Program (IVLP) की एलुमनी भी हैं, जिससे विदेशी नीति, सुरक्षा और सामरिक मामलों में उनकी विशेषज्ञता और मजबूत हुई है।

और पढ़ें
End of Article