देश

बिहार में सम्राट चौधरी का बड़ा एक्शन, CO-BDO समेत 15 अफसरों को किया गया सस्पेंड, जानें क्या है वजह

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनता की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं करने और काम में लापरवाही बरतने के आरोप में 15 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। कार्रवाई की जद में CO, BDO, इंजीनियर और राजस्व कर्मचारी भी आए हैं।

Image

सीएम सम्राट चौधरी ने 15 अफसरों को किया सस्पेंड। PTI

Photo : PTI

Bihar News: बिहार में सरकारी कामकाज में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार (10 नवंबर) को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित राज्यस्तरीय सहयोग कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक साथ 15 अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश दिया। इन अधिकारियों पर आम लोगों की शिकायतों का समय पर निपटारा नहीं करने और समस्याओं का उचित समाधान नहीं करने का आरोप है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहयोग कार्यक्रम में पहुंचे लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों और जिलाधिकारियों को लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। शिकायतों की समीक्षा के दौरान जब अधिकारियों की लापरवाही सामने आई तो मुख्यमंत्री ने उनके खिलाफ कार्रवाई के आदेश दे दिए।

सीओ से लेकर बीडीओ और इंजीनियर तक पर गिरी गाज

इस कार्रवाई की जद में अलग-अलग जिलों में तैनात कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी आए हैं। निलंबित किए गए लोगों में अंचल अधिकारी (CO), प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), इंजीनियर, कार्यपालक पदाधिकारी और राजस्व कर्मचारी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने केवल निलंबन का आदेश ही नहीं दिया, बल्कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के भी निर्देश दिए हैं। इस फैसले के बाद राज्य के प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।

शिकायतों का समय पर समाधान नहीं करने पर कार्रवाई

दरअसल, बिहार सरकार ने आम लोगों की समस्याओं को सुनने और उनका समयबद्ध निपटारा करने के लिए सहयोग शिविर और सहयोग पोर्टल की व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर उनका समाधान करना होता है।

सरकार का उद्देश्य लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। इसके बावजूद शिकायतों के लंबित रहने और उनका उचित तरीके से निपटारा नहीं किए जाने की बात सामने आई।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article