शहर

Chhath Special Train 2026: छठ पर बिहार जाने वालों के लिए खुशखबरी, रेलवे ने बढ़ाई स्पेशल ट्रेनें, स्टेशनों पर बनेगा वॉर रूम

Chhath Special Train 2026: रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर अव्यवस्था न हो, इसके लिए होल्डिंग एरिया और कतार प्रणाली बनाई जाएगी। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष सहायता की व्यवस्था रहेगी।

Image

छठ पर स्पेशल ट्रेनों की सौगात (फोटो साभार- PTI)

Chhath Special Train 2026: छठ महापर्व (13 से 16 नवंबर) के दौरान बिहार आने वाले लाखों यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का संचालन, सुरक्षा और स्टेशनों पर सुविधाओं को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। प्रमुख स्टेशनों पर वॉर रूम बनाए जाएंगे, जहां से 24 घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी। दानापुर के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ (IRTS) ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे पूरी तरह तैयार है।

भीड़ प्रबंधन है सबसे बड़ा फोकस

उन्होंने कहा कि हर तरह की जरूरत को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। यात्रियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और सभी प्रमुख स्टेशनों पर वॉर रूम के जरिए लगातार निगरानी होगी। रेलवे की तैयारी का सबसे बड़ा फोकस भीड़ प्रबंधन पर है। छठ के दौरान दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, सूरत, अहमदाबाद और बेंगलुरु से बिहार आने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है। इसे देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के लिए बैठने, पीने के पानी, शौचालय और पूछताछ केंद्र की सुविधा बढ़ाई जाएगी। सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी।

स्टेशनों पर सीसीटीवी से होगी निगरानी

स्टेशनों पर सीसीटीवी से निगरानी होगी और बिना टिकट यात्रा रोकने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। वॉर रूम से ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान, प्लेटफॉर्म पर भीड़ और किसी भी आपात स्थिति पर नजर रखी जाएगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर अव्यवस्था न हो, इसके लिए होल्डिंग एरिया और कतार प्रणाली बनाई जाएगी। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष सहायता की व्यवस्था रहेगी। टिकट काउंटर और ऑनलाइन टिकट की जानकारी के लिए हेल्प डेस्क भी लगाए जाएंगे।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- छठ महापर्व पर बिहार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

बिहार में छठ घाटों पर भी सुरक्षा के इंतजाम

वहीं, बिहार सरकार ने भी छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग (डीएमडी) ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि छठ घाटों और जलाशयों के आसपास पटाखों की बिक्री और उन्हें फोड़ने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य तक निजी नावों के परिचालन पर भी रोक रहेगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर सभी जिलाधिकारियों को खतरनाक घाटों की पहचान कर वहां बैरिकेडिंग कराने और पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों व स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।बयान में कहा गया है, "नदी घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों, तैराकों, मोटरबोट और जीवनरक्षक उपकरणों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए। चिकित्सा दल, एंबुलेंस और त्वरित चिकित्सा कार्रवाई दल (क्यूएमआरटी) को भी तैयार रखा जाए।"रेलवे और प्रशासन की संयुक्त तैयारी से इस बार छठ पर यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का भरोसा दिया जा रहा है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article