देश

'क्या PM बनने की चाह रखना गुनाह है?' सोनिया गांधी की किताब पर प्रणब मुखर्जी की बेटी का पलटवार

सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' में प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा से जुड़े खुलासे के बाद उनकी बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखना कोई अपराध है? शर्मिष्ठा ने कहा कि उनके पिता की महत्वाकांक्षा उनकी योग्यता, मेहनत और दशकों के राजनीतिक अनुभव पर आधारित थी।

Image

प्रणब मुखर्जी को लेकर सोनिया गांधी के खुलासे पर बेटी शर्मिष्ठा ने उठाए सवाल। PTI

Photo : PTI

Sonia Gandhi Memoir: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' मंगलवार (10 नवंबर) को बाजार में आ गई है. इस किताब में सोनिया गांधी ने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के साथ अपने संबंधों को याद किया है, साथ ही आपातकाल जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए बतौर सास भी इंदिरा गांधी और परिवार से जुड़ी बातें।

वहीं, इस किताब में भारत के पूर्व राष्ट्रपति कांग्रेस के दिग्गज नेता दिवंगत प्रणब मुखर्जी का भी जिक्र है। सोनिया गांधी ने किताब में खुलासा किया है कि प्रणब मुखर्जी ने अप्रत्यक्ष रूप से प्रधानमंत्री बनने की अपनी पुरानी इच्छा जाहिर करते हुए शीर्ष पर बदलाव का सुझाव देकर उन्हें चौंका दिया था। सोनिया गांधी के इस खुलासे पर प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनिया गांधी पर सवाल उठाए हैं।

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उनके पिता की प्रधानमंत्री बनने की इच्छा पर सोनिया गांधी को हैरानी क्यों हुई? उन्होंने सवाल किया, 'क्या महत्वाकांक्षी होना कोई अपराध है?' शर्मिष्ठा ने कहा कि उनके पिता की यह महत्वाकांक्षा दशकों के राजनीतिक अनुभव, प्रशासनिक समझ, मेहनत और प्रतिभा पर आधारित थी।

sharmishtha mukherjee

सोनिया गांधी के खुलासे पर प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा ने उठाए सवाल।

'गांधी परिवार के बाहर का व्यक्ति PM बनने का सपना कैसे देख सकता है?'

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने अपने पोस्ट में पिता का बचाव करते हुए कहा कि प्रणब मुखर्जी बेहद साधारण पृष्ठभूमि से आए थे और उन्होंने अपनी मेहनत तथा योग्यता के दम पर राजनीति में मुकाम हासिल किया था। उन्हें कोई पद विरासत में नहीं मिला था।

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कोई योग्य व्यक्ति प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखता है तो इसमें गलत क्या है? क्या सोनिया गांधी को इस बात से हैरानी थी कि गांधी-नेहरू परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति भी प्रधानमंत्री बनने का सपना देख सकता है और अपनी यह इच्छा उनके सामने जाहिर कर सकता है?

शर्मिष्ठा ने यह भी बताया कि उन्होंने खुद अपने पिता से पूछा था कि क्या वह प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। इस पर प्रणब मुखर्जी ने जवाब दिया था कि कोई भी काबिल राजनेता प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा रखता है।

प्रणब मुखर्जी ने सोनिया गांधी से नहीं रखी थी नाराजगी

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सोनिया गांधी की किताब में लिखी इस बात पर भी प्रतिक्रिया दी कि उनके पिता ने इस घटना को लेकर उनसे कभी नाराजगी नहीं दिखाई। शर्मिष्ठा ने कहा कि उनके पिता व्यावहारिक सोच वाले व्यक्ति थे और उन्हें सोनिया गांधी से कोई नाराजगी नहीं थी।

उन्होंने अपने पिता की डायरी और उनसे हुई बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि प्रणब मुखर्जी ने इस मामले को लेकर सोनिया गांधी या किसी अन्य व्यक्ति के प्रति कोई दुर्भावना नहीं रखी थी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article