Kolhapur Accident: महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में नए साल की सुबह एक भीषण सड़क हादसे की खबर के साथ हुई। पुणे-बैंगलोर नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने तीन लोगों को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मौके पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हृदयविदारक घटना गुरुवार सुबह करीब 5 बजे तावड़े होटल के पास हुई। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सुबह की सैर या काम पर निकले थे मृतक?
मिली जानकारी के अनुसार, जिस समय यह हादसा हुआ तब चारों तरफ अंधेरा और हल्का कोहरा छाया हुआ था। सुबह करीब 5 बजे का समय था और एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही शाहूपुरी पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए CPR अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस की टीम मृतकों की पहचान में जुटी हुई है। अभी तक एक भी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि हो सकता है कि यह लोग सुबह की सैर या अपने-अपने काम पर जाने के लिए निकले थे और हादसे का शिकार हो गए।
तेज रफ्तार और लापरवाही बनी जानलेवा
शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह कार की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही मानी जा रही है। इसके साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसे के दौरान क्या चालक वाहन चलाने नशे में था? या उसे झपकी आ गई थी? पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना के सही क्रम का पता लगाया जा सके। शाहूपुरी पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आश्वासन दिया गया है कि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
