शहर

दुबई में गूंजेगा 'इन्वेस्ट एमपी-2026' का संदेश, कृषि, फूड प्रोसेसिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और एफडीआई के लिए खुल सकते हैं नए दरवाजे

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसरों की तलाश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दुबई दौरे पर जा रहे हैं। एआईएम कांग्रेस-2026 के मंच से वे दुनिया के बड़े निवेशकों और कंपनियों के सामने प्रदेश की औद्योगिक, कृषि और पर्यटन क्षमता पेश करेंगे। इस दौरे से राज्य में विदेशी निवेश बढ़ाने, किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने और आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 की जमीन तैयार करने पर जोर रहेगा।

Image

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश में निवेश, रोजगार और पर्यटन को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 से 9 सितंबर तक दुबई दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे दुनिया के प्रमुख निवेश मंचों में शामिल एआईएम कांग्रेस-2026 (Annual Investment Meeting) में हिस्सा लेंगे और 'इन्वेस्ट एमपी-2026' के तहत वैश्विक निवेशकों के साथ संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री की यह यात्रा प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने और राज्य की अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एआईएम कांग्रेस-2026 का आयोजन 7 से 9 सितंबर तक दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में किया जा रहा है। यह ऐसा वैश्विक मंच है, जहां विभिन्न देशों की सरकारों के प्रतिनिधि, निवेशक, सोवरिन वेल्थ फंड, फैमिली ऑफिस और बहुराष्ट्रीय कंपनियां एक साथ निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करती हैं। पिछले आयोजन में 181 देशों के लगभग 15,800 प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। इस बार 180 से अधिक देशों के करीब 20,000 प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।

निवेशकों और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें करेंगे सीएम यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष और यूएई के विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जेयूदी ने आमंत्रित किया है। दुबई यात्रा को आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS)-2027, भोपाल की तैयारियों की शुरुआती कड़ी के रूप में भी देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री इस दौरान दुनिया के प्रमुख निवेशकों और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ सीधी बैठकें करेंगे। यात्रा के दौरान आमंत्रण-आधारित 'टाइकून्स' कार्यक्रम में करीब 500 सोवरिन वेल्थ फंड, फैमिली ऑफिस और प्रमुख कारोबारी शामिल होंगे। इसके अलावा डीपी वर्ल्ड, वीएफएस ग्लोबल, ईएमएएआर, चोयथराम और शराफ ग्रुप केजीके जैसी कंपनियों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं। 'इन्वेस्ट इन मध्य प्रदेश' सत्र के जरिए प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों, औद्योगिक क्षमता और नीतिगत सुविधाओं को वैश्विक निवेशकों के सामने रखा जाएगा।

अनाज, दाल, मक्का, गेहूं, सोयाबीन और प्रोसेस्ड फूड के निर्यात की संभावनाएं

कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र भी इस दौरे के प्रमुख केंद्र में रहेगा। दुबई अपनी खाद्य जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात के जरिए पूरा करता है। ऐसे में मध्य प्रदेश के लिए अनाज, दाल, मक्का, गेहूं, सोयाबीन और प्रोसेस्ड फूड के निर्यात की व्यापक संभावनाएं हैं। राज्य देश में दाल और मक्का उत्पादन में अग्रणी है, जबकि गेहूं, अनाज और सोयाबीन के उत्पादन में भी उसकी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है। मुख्यमंत्री की लूलू ग्रुप के यूसुफ अली एमए समेत प्रमुख कारोबारियों के साथ प्रस्तावित मुलाकातों का उद्देश्य इन संभावनाओं को व्यावसायिक अवसरों में बदलना है। अंतरराष्ट्रीय बाजार तक बेहतर पहुंच मिलने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ कोल्ड चेन, ग्रेडिंग, लॉजिस्टिक्स और फूड प्रोसेसिंग में निवेश बढ़ने की उम्मीद है। दुबई के शहरी विकास मॉडल से सीख लेने के उद्देश्य से ईएमएएआर के साथ बैठक और बुर्ज खलीफा का दौरा भी कार्यक्रम का हिस्सा है। इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट टाउनशिप, वाणिज्यिक परियोजनाओं और एफडीआई की संभावनाओं को तलाशा जाएगा। मुख्यमंत्री की इस पहल का व्यापक लक्ष्य मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर एक मजबूत और आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!