Chennai Murder: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के पॉश इलाके बेसंत नगर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे शहर में डर का माहौल पैदा कर दिया है। शनिवार की रात सत्तारूढ़ और तमिलनाडु के सीएम जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के पदाधिकारी कन्नन को एक हथियारबंद गिरोह ने बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़कर धारदार हथियारों से मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक कन्नन का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है और वह एक 'हिस्ट्रीशीटर' था।
घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस हमले का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हमलावर बेखौफ होकर हमला करते दिख रहे हैं। पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए इस हत्या के मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच से लगता है कि यह कत्ल पुरानी रंजिश और बदले की भावना से किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Siwan News: बिजली कटी, नेटवर्क उड़ा और बंद लिफ्ट में घुटने लगा दम! अस्पताल की लापरवाही से 1 घंटे फंसी रहीं 2 महिलाएं
स्टालिन ने सरकार और सत्तारूढ़ पार्टी पर बोला हमला
इस हत्याकांड के बाद राज्य में राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर काफी तेज हो गया है। तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उधयनिधि स्टालिन ने सरकार और सत्तारूढ़ पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि टीवीके अब 'अपराधियों को पनाह देने की जगह' बनती जा रही है। स्टालिन ने कहा कि जब सत्तारूढ़ दल से जुड़े किसी हिस्ट्रीशीटर को सड़क पर सरेआम मार दिया जाता है, तो यह राज्य की बदहाल कानून-व्यवस्था को साफ दर्शाता है।
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
वहीं, पट्टाली मक्कल काची (PMK) के अध्यक्ष डॉ. अंबुमणि रामदास ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पिछले दो हफ्तों के दौरान उपनगरों में हुई हत्याओं और एटीएम डकैती की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना ने आम जनता को डरा दिया है। यह वारदात ऐसे वक्त में सामने आई है जब मुख्यमंत्री और TVK संस्थापक सी. जोसेफ विजय को विधानसभा में विपक्ष की तीखी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
