Char Dham Yatra: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा एक बार फिर नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। बारिश और बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। केदारनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, अब तक 16 लाख 56 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। जबकि साल 2024 में पूरे यात्राकाल में 16 लाख 52 हजार 76 यात्री पहुंचे थे।
केदारनाथ में पहुंचे 5614 श्रद्धालु
बीते बुधवार को केदारनाथ धाम में 5614 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। यात्रा की रफ्तार लगातार बनी हुई है। बता दें कि केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर, भैयादूज के दिन बंद होंगे। यानी अभी यात्रा 15 दिन और जारी रहेगी, ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि इस वर्ष यात्रियों की संख्या 17 लाख के पार जा सकती है।
और धामों में भी बढ़ रही भीड़
केवल केदारनाथ ही नहीं, बल्कि बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों में भी श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। मानसून सीजन के दौरान अतिवृष्टि और भूस्खलन से यात्रा प्रभावित होने के बावजूद अब चारधाम यात्रा फिर से रफ्तार पकड़ चुकी है।
सुरक्षित यात्रा के पुख्ता इंतजाम
प्रदेश सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके। साथ ही, भूस्खलन-प्रभावित इलाकों में मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं ताकि यातायात सुचारू बना रहे।
मानसून में आई थी मुश्किलें
इस सालचारधाम यात्रा का शुभारंभ 30 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने से हुआ था। इसके बाद 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। हालांकि मानसून सीजन में भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं से यात्रा काफी प्रभावित हुई थी। विशेष रूप से गंगोत्री धाम का धराली क्षेत्र बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ था, जिसके चलते यात्रा को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा था।
प्रशासन ने युद्धस्तर पर बहाल की यात्रा
बारिश थमने के बाद शासन-प्रशासन की टीमों ने युद्धस्तर पर राहत और बहाली का कार्य किया। आम जनजीवन के साथ-साथ यात्रा मार्गों को भी जल्द सुचारू किया गया। इसके बाद यात्रा फिर से शुरू की गई और सुरक्षा प्रोटोकॉल को और मजबूत किया गया।
यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम खराब होने की स्थिति में यात्रा से बचें और अगर यात्रा मार्ग में फंसे हों, तो सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
