Kedarnath Yatra Rudraprayg News: पहाड़ों में बरसात का दौर अब थम गया है। हालांकि, आने वाले दिनों में भी कहीं-कहीं, रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। लेकिन आधा सितंबर गुजर चुका है, साल के इस समय तक माना जाता है कि मानसून का सबसे बुरा दौर गुजर चुका है। ऐसे में केदारघाटी में एक बार फिर श्रद्धालुओं और तीर्थ यात्रियों की आमद बढ़ने लगी है। आज यानी मंगलवार को केदारनाथ धाम की यात्रा के दूसरे चरण में हेली सेवाओं ने फिर से उड़ान भरनी शुरू कर दी है।
आज सुबह से ही मौसम साफ है और ऐसे में केदारघाटी के हेलीपैड़ों से हेलीकॉप्टरों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। आसमान में गूंजती हेलीकॉप्टरों की औवाज और हेलीपैड़ों पर बढ़ी श्रद्धालुओं की चहल-पहल से केदारघाटी एक बार फिर से गुलजार हो गई है। आज हेली सेवाएं बहाल होने के स साथ ही केदारनाथ यात्रा में फिर से तेजी आने की उम्मीद है।
यात्रा के दूसरे चरण के लिए हेली सेवाएं शुरू
यात्रा के दूसरे चरण के लिए आज यानी 15 सितंबर से हेली सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। आज उड़ान संचालन शुरू होने से पहले नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) की तरफ से संबंधित हेली कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी मानकों की जांच की गई। सभी तरह की जांच और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आज से कंपनियों को उड़ान भरने की अनुमति मिल गई है।
8 कंपनियां दे रही हेली सेवाएं
यात्रियों को केदारनाथ धाम पहुंचाने के लिए केदारघाटी के तीन सेक्टरों से 8 हेली कंपनियां अपनी सेवाएं दे रही हैं। गुप्तकाशी सेक्टर से ट्रांस भारत और चिप्सन हेली की सेवाएं ऑपरेट हो रही हैं। जबकि फाटा सेक्टर से थम्बी हेली, राजश हेली एविएशन, यूनाइटेड हेली और पिलग्रिम हेली एविएशन की उड़ान सेवाएं संचालित हो रही हैं। शेरसी सेक्टर से हिमालय हेली और एरो एविएशन उड़ान सेवाओं का संचालन कर रही हैं।
30 सितंबर तक के सभी हेली टिकट बुक
यात्रा के दूसरे चरण में आज से 30 सितंबर तक यानी 16 दिनों के लिए ऑनलाइन हेली टिकट जारी किए गए हैं। इन सभी दिनों के टिकट पूरी तरह बुक हो चुके हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में हेली सेवा को लेकर कितना उत्साह है।
IRCTC से ही बुक करें टिकट
यूकाडा ने यात्रियों को साइबर ठगी और फर्जी टिकट से बचने के लिए सिर्फ अधिकृत IRCTC वेबसाइट के जरिए ही टिकट बुक करने की सलाह दी है। अनधिकृत वेबसाइट, एजेंट अथवा सोशल मीडिया पर उपलब्ध लिंक से टिकट बुक न करने की अपील श्रद्धालुओं से की गई है।
आज से हेली सेवा शुरू होने से बुजुर्ग, दिव्यांग और पैदल यात्रा करने में असमर्थ श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। कम समय में बाबा केदार के दर्शन करने के इच्छुक यात्रियों के लिए भी हेली सेवा अहम विकल्प है। अब हेली सेवा के दोबारा शुरू होने से केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है।
