Gurugram Hit and Run Case: दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख शहर गुरुग्राम में एक महिला बाइकर को टक्कर मारकर भागने (Hit and Run) मामले में आरोपी कल्याण बैसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपी की तलाश में गुरुग्राम पुलिस की एक टीम राजस्थान पहुंची थी। फिलहाल आरोपी को दौसा से गुरुग्राम लेकर आया जाएगा। इससे पहले गुरुग्राम पुलिस ने गोल्फ कोर्स रोड पर हिट एंड रन के वायरल वीडियो के आधार पर स्वत: संज्ञान लेते हुए कल यानी सोमवार को सेक्टर 56 थाने में एक FIR दर्ज की गई थी।
FIR में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई
इसके बाद आज यानी मंगलवार 15 सितंबर को सीसीटीवी जांच के आधार पर आरोपी कल्याण बैसला के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा (BNS 109) जोड़ी गई थी। 109 BNS की धारा के तहत दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।
इस बीच गुरुग्राम पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुरुग्राम पुलिस आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही के लिए प्रतिबद्ध है।
इस बीच गुरुग्राम के सेक्टर 56 थाने के SHO मनोज कुमार गुरुग्राम कोल्फ कोर्स हिट एंड रन मामले की शिकार सिया के दिल्ली में कालकाजी स्थित घर पर पहुंचे। यहां पहुंचकर SHO ने सिया से बातचीत की। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बताया, 'हम उनका बयान दर्ज करने आए हैं। FIR दर्ज कर ली गई है और नई धाराएं भी जोड़ी गई हैं।'
आरोपी के वकील का आरोप स्टंट कर रहे थे बाइकर्स
इस मामले में आरोपी कल्याण बैसला के वकील नवीन बैसला का कहना है कि यह हिट एंड रन का मामला नहीं, बल्कि लापरवाही का मामला है। उनके मुताबिक, बाइक सवार करीब 20-30 लोगों के समूह में तेज रफ्तार से रेस लगा रहे थे और स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान कार और बाइक की टक्कर हुई। वकील ने शराब पीने के आरोपों को भी गलत बताया है। उन्होंने कहा कि घटना सुबह सात बजे हुई और कार में कल्याण बैसला के परिवार के सदस्य साथ थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई का सामना किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर दी हादसे की जानकारी
बता दें कि सिया ने सोशल मीडिया पर हादसे का एक वीडियो शेयर करते हुए हिट एंड रन मामले की जानकारी दी थी। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया था कि रविवार को कार सवार कुछ लोगों ने पहले उसका पीछा किया और फिर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गईं और 50 मीटर तक घिसटती चली गईं, जबकि उनकी बाइक Aprilia RS 457 भी ककई मीटर तक सड़क पर घिसट गई।
महिला बाइकर सिया सोशल मीडिया पर rebelwheels_sia_ नाम से पेज चलाती हैं। उन्होंने बताया कि बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। उन्होंने वीडियो में आरोप लगाया कि कार में सवार लोग टक्कर से पहले से ही उनका पीछा कर रहे थे और उनके साथ आक्रामक तरीके से व्यवहार कर रहे थे।
उधार की कार से हिट एंड रन
इस घटना पर एक नया मोड़ तब आया जब कार का कथित मालिक मनीष मीडिया के सामने आया। मनीष ने बताया कि हिट एंड रन में इस्तेमाल हुई कार उनकी है और वह उस समय ऑफिस में थे। उन्होंने बताया कि एक दोस्त ने उनसे उनकी कार मांगी थी। उन्होंने अपने दोस्त का नाम कल्याण सिंह बताया और साथ ही कहा कि दो दिन पहले वह कार लेकर गया था। इस दुर्घटना के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने दोस्त कल्याण से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा है।
