Lok Sabha Election 2024: निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव को लेकर कश्मीरी प्रवासियों को बड़ी राहत दी है। चुनाव आयोग ने जम्मू और उधमपुर में रहने वाले कश्मीरी प्रवासी मतदाताओं के लिए फॉर्म-एम की प्रक्रिया समाप्त कर दी है। अब इन दोनों जगहों पर रहने वाले कश्मीरी प्रवासियों को वोटिंग के लिए फॉर्म एम नहीं भरना होगा। चुनाव आयोग के इस फैसले से कश्मीरी प्रवासी मतदाताओं को वोटिंग में आसानी होगी।
मतदान के लिए बनेंगे विशेष केंद्र
बता दें कि इन जम्मू और उधमपुर से बाहर रहने वाले कश्मीरी प्रवासी मतदाताओं को फॉर्म एम भरना होगा, लेकिन उनके लिए स्व-सत्यापन प्रमाण पत्र की व्यवस्था की जाएगी। चुनाव आयोग ने बताया कि जम्मू और उधमपुर में सभी प्रवासी क्षेत्रों में विशेष मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। जम्मू में 21 और उधमपुर में एक मतदान केंद्रों का मैपिंग किया जाएगा। साथ ही हर क्षेत्र में एक मतदान केंद्र हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
जम्मू और उधमपुर में मिलेगी सुविधा
बता दें कि कश्मीर में हिंसा की वजह से इन लोगों को अपना घर द्वार छोड़कर उधमपुर और जम्मू में शरण लेनी पड़ी थी। इसके अलावा भी कई अन्य जगह कश्मीरी प्रवासी रह रहे हैं, लेकिन फॉर्म एम भरने से छूट फिलहाल जम्मू और उधमपुर में रहने वाले प्रवासी मतदाताओं को मिली है। चुनाव की स्थिति में इन लोगों के लिए विशेष मतदान केंद्र बनाए जाते हैं।
मतदान का अधिकार करना है सुनिश्चित
ये लोग वोट देने से वंचित न रहे, इसके लिए अलग व्यवस्था की गई है। शिविरों में रहने वाले प्रवासी मतदाता सिर्फ अपने संसदीय क्षेत्र के लिए ही मतदान कर सकते हैं। इसके लिए उनका वोटर आईडी कार्ड बना हो, यह जरूरी है। प्रवासी मतदाताओं को दो भागों में बांटा गया है। पहले भाग में वे लोग आते हैं, जो विशेष मतदान केंद्र पर जाकर वोट करते हैं और दूसरे भाग में वे लोग आते हैं, जो डाक मतपत्र के जरिए वोट डालते हैं।
