दिल्ली : सावन माह में कांवड़ यात्राएं जारी हैं। उनको कांवड़ रूट पर किसी प्रकार की समस्याएं न हों, इसके लिए इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिलशाद गार्डन इलाके में दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा के निकट स्थित एक कांवड़ शिविर का दौरा किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया कि कांवड़ियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। गुप्ता ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ’’चाहे वित्तीय सहायता हो, सफाई व्यवस्था हो या बिजली-पानी की आपूर्ति, दिल्ली सरकार ने सुनिश्चित किया कि कांवड़ शिविरों का रखरखाव बेहतर ढंग से हो। पिछले साल की तरह इस साल भी हमारे भोले के भक्तों को किसी भी तरह की समस्या भी न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किया गया है।
दिल्ली सरकार ने कांवड़ यात्रा 2026 के लिए कांवड़ समितियों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता को बढ़ाने के प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी दे दी थी। मंत्रिमंडल के फैसले के तहत 20 हजार वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में फैले और छह से बारह दिन तक आयोजित होने वाले कांवड़ शिविरों के लिए अब वित्तीय सहायता 15 लाख रुपये कर दी गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - कांवड़ियों के स्वागत में CM योगी ने हेलीकॉप्टर से बरसाए फूल
श्रावण मास में बिना लहसुन प्याज का खाना
श्रावण मास में होने वाली कांवड़ यात्रा में सात्विक परंपरा को कायम रखते हुए श्रद्धालुओं को बिना प्याज-लहसुन के देसी व्यंजनों के साथ पास्ता, पिज्जा, नूडल्स, मोमोज और मंचूरियन जैसे आधुनिक व्यंजन भी परोसे जा रहे हैं।
दिल्ली में वीएचपी के स्वयंसेवकों ने संभाली व्यवस्था
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांवड़ यात्रा के रास्तों पर सुरक्षा और ट्रैफिक की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, सीआरपीएफ और विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। विश्व हिंदू परिषद के सह-जिला मंत्री अनमोल दुबे ने कहा कि "कैंप की सुरक्षा का काम विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल संभालते हैं। यमुना पार के अलग-अलग कैंपों में हमारे दो-तीन कार्यकर्ता पूरी रात सुरक्षा की ड्यूटी पर रहते हैं। क्योंकि, जैसा कि आपने हर बार देखा होगा, यहां अलग-अलग तरह के लोग आते हैं और गलतफहमियां पैदा हो जाती हैं। इसलिए, यह सुनिश्चित करने के लिए कि हिंदू समाज की बदनामी न हो और बुरे तत्वों की वजह से कांवड़ कैंपों को कोई नुकसान या अपमान न झेलना पड़े, हमारे कार्यकर्ता यह काम करते हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से शनिवार को कांवड़ शिविरों के निरीक्षण को लेकर अनमोल दुबे ने कहा कि जब से दिल्ली में सरकार बदली है, तब से माहौल भी बदल गया है। पहले लोग खाली हाथ घूमते थे। पिछले साल यहां फूलों की बारिश की गई थी। इस साल भी पुष्पवर्षा की जाएगी। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने कभी फूलों की बारिश नहीं की थी, लेकिन पिछले साल दिल्ली पुलिस ने भी पुष्पवर्षा की। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी वहां मौजूद थे। शनिवार को भी यहां पुष्पवर्षा होगी।
