शहर

पति ने नहीं की सब्जी की तारीफ, पत्नी ने चाकू से चीर दिया रिटायर्ड फौजी का कलेजा

Ahmedabad Wife Murder Husband News: मृतक भारतीय सेना से रिटायर हुआ था और अपनी पत्नी के साथ नरोडा स्मार्ट सिटी-2 में रहता था। पति-पत्नी के बीच पिछले काफी समय से किसी न किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। दोनों के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा हो जाता था। घटना वाली रात भी कुछ ऐसा ही हुआ।

Image

पत्नी ने पति को मारा (फोटो साभार- TNN)

Ahmedabad Wife Murder Husband News: गुजरात के अहमदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने घरेलू विवाद कितना खतरनाक हो सकता है, ये फिर साबित कर दिया। नरोडा इलाके के स्मार्ट सिटी-2 में एक छोटी सी बात ने बड़ा रूप ले लिया और देखते ही देखते एक हंसता-खेलता घर मातम में बदल गया। यहां एक पत्नी ने मामूली कहासुनी के बाद अपने रिटायर्ड फौजी पति की छाती में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नरोडा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी ने बेरहमी से किया पति का कत्ल

पुलिस के मुताबिक, मृतक भारतीय सेना से रिटायर हुआ था और अपनी पत्नी के साथ नरोडा स्मार्ट सिटी-2 में रहता था। पति-पत्नी के बीच पिछले काफी समय से किसी न किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। दोनों के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा हो जाता था। घटना वाली रात भी कुछ ऐसा ही हुआ। पति ड्यूटी से नहीं, बल्कि बाहर से घर लौटा और खाना खाने बैठा। पत्नी ने उसके लिए सब्जी बनाई थी।

पति को नहीं पसंद आई पत्नी के हाथ की बनी सब्जी

बताया जा रहा है कि पति को पत्नी के हाथ की बनी सब्जी पसंद नहीं आई। उसने सब्जी को लेकर नाराजगी जताई और तारीफ करने के बजाय उल्टा ताना मार दिया। बस इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। पहले ये बहस सब्जी के स्वाद को लेकर थी, लेकिन देखते ही देखते ये गाली-गलौज तक पहुंच गई। दोनों ने एक-दूसरे को अपशब्द कहे। माहौल इतना गरमा गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई।

नरोडा पुलिस इंस्पेक्टर बी.एम. कटारिया के अनुसार, बहस के दौरान गुस्से में आकर पति ने पत्नी पर हाथ उठा दिया। इससे पत्नी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वो गुस्से में रसोई में गई और वहां से सब्जी काटने वाला तेज धार वाला चाकू उठा लाई। इसके बाद उसने बिना सोचे-समझे पति की छाती के बाईं ओर चाकू से वार कर दिया। चाकू सीधे दिल के पास लगा, जिससे खून तेजी से बहने लगा और पति की मौके पर ही मौत हो गई।

अफेयर के एंगल की पुलिस ने की जांच

चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में अफेयर या किसी और एंगल से भी जांच की है, लेकिन शुरुआती जांच में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है।

आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस का मानना है कि ये हत्या किसी सोची-समझी साजिश नहीं, बल्कि घरेलू विवाद के दौरान आए क्षणिक गुस्से का नतीजा है। एक पल के गुस्से ने एक परिवार को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस पड़ोसियों और परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ कर रही है ताकि पता चल सके कि दोनों के बीच विवाद की असली वजह क्या थी।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article