देश

दिवाली-छठ पर बिहार की बल्ले-बल्ले! केंद्र से मिले 10,845 करोड़ रुपये, CM सम्राट ने PM मोदी का जताया आभार

दिवाली और छठ महापर्व से पहले केंद्र सरकार ने बिहार को टैक्स ट्रांसफर की अग्रिम किस्त के रूप में 10,845 करोड़ रुपये जारी किए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस राशि से राज्य की वित्तीय जरूरतें पूरी करने के साथ बुनियादी ढांचे, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी।

Image

पीएम मोदी और सीएम सम्राट चौधरी की फोटो। ANI

Photo : ANI

दिवाली और छठ महापर्व से पहले केंद्र सरकार ने बिहार को 10,845 करोड़ रुपये की बड़ी वित्तीय सहायता दी है। यह राशि राज्यों को मिलने वाले टैक्स ट्रांसफर की अग्रिम किस्त के तौर पर जारी की गई है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपनी पोस्ट में कहा कि आस्था के महापर्व दिवाली और छठ को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने बिहार को यह राशि उपलब्ध कराई है। उन्होंने इसे राज्य के लिए महत्वपूर्ण सहयोग बताया।

विकास योजनाओं को मिलेगी रफ्तार

सीएम सम्राट चौधरी के मुताबिक, त्योहारों से पहले मिली इस राशि से राज्य की जरूरी वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही, बिहार में चल रही विकास योजनाओं को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय सहायता से बुनियादी ढांचे के विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन और राज्य में जारी विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

पीएम मोदी और वित्त मंत्री का जताया आभार

मुख्यमंत्री ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के संयुक्त प्रयासों से बिहार निरंतर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

सम्राट चौधरी ने इसे विकसित और समृद्ध बिहार के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

क्या होता है टैक्स ट्रांसफर?

केंद्र सरकार राज्यों के साथ केंद्रीय करों से प्राप्त राजस्व का एक निर्धारित हिस्सा साझा करती है। इसे टैक्स डिवोल्यूशन या टैक्स ट्रांसफर कहा जाता है। राज्यों को मिलने वाली इस राशि का इस्तेमाल विकास कार्यों, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं पर किया जाता है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article