शहर

कांवड़ियों के स्वागत में CM योगी ने हेलीकॉप्टर से बरसाए फूल, श्रद्धालुओं के खाने-पीने के लिए लगाए गए स्टॉल

मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों के स्वागत और अभिनंदन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनूठी पहल की है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए इन कैंपों में खाने-पीने से लेकर आराम और मेडिकल सुविधाओं तक का इंतजाम किया गया है।

Image

CM योगी ने हेलीकॉप्टर से कावड़ियों पर बरसाए फूल

मुजफ्फरनगर : कांवड़ियों के स्वागत और अभिनंदन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनूठी पहल की है। मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्ग पर पुष्प वर्षा कर शिव भक्तों का भव्य स्वागत किया, जिस पर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने गहरा आभार और धन्यवाद व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और देवाधिदेव महादेव से प्रदेश और देश में सुख, शांति, समृद्धि एवं सौहार्द की कामना की। मेरठ के मोदीपुरम क्षेत्र में दुल्हेड़ा पुलिस चौकी के निकट बनाए गए मंच से योगी आदित्यनाथ ने ’बोल बम’ और ’हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की।

इस अवसर पर उनके साथ रामानंद सागर के धारावाहिक ’रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सोमेंद्र तोमर समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे। गोविल, मेरठ से भारतीय जनता पार्टी के सांसद भी हैं।

योगी ने अपने संबोधन में कहा, "सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों का हृदय से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ कांवड़ियों की सुविधाओं का ध्यान रखा है। सावन में कांवड़ यात्रा का हिस्सा बन रहे सभी शिवभक्तों का अभिनंदन करता हूं और उनकी इस यात्रा के लिए देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना करता हूं कि वे उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करें।

मुख्यमंत्री ने कहा, "प्रदेश और देश में सुख, शांति, समृद्धि और सौहार्द का माहौल बनाने के लिए देवाधिदेव महादेव की कृपा बनी रहे, इसी भावना के साथ आज मुझे भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा अपने समापन की ओर बढ़ रही है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर बढ़ते हुए विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और लाखों श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हैं।

उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि सावन की शिवरात्रि तक गाजियाबाद से लेकर हरिद्वार के बीच चार से साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु और शिवभक्त इस कांवड़ यात्रा में गंगाजल लेकर शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर भारी भीड़ है। अभी मेरठ में मुझे शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा करने का अवसर मिला है। मेरठ के हमारे सभी जनप्रतिनिधि इस अवसर पर मेरे साथ यहां मौजूद हैं। योगी ने कहा कि मेरठ के प्रसिद्ध बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से आने वाले शिवभक्त इस यात्रा का हिस्सा बने हुए हैं।

उन्होंने कहा, "पूरी श्रद्धा, उत्साह और उमंग के साथ यात्रा में शामिल होने आए कांवड़ियों का प्रदेश सरकार की ओर से स्वागत और अभिनंदन करता हूं। मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों के राष्ट्र के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि जात-पात, प्रांत और क्षेत्रीयता की सीमाओं से ऊपर उठकर शिवत्व की भावना से एकाकार होने के लिए यह यात्रा उत्साह और उमंग का वातावरण पैदा कर रही है।

प्रशासनिक तैयारियों और व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, "प्रशासन ने उच्च स्तर की व्यवस्था की है और समाजसेवी संगठनों ने शिविर लगाए हैं तथा कांवड़ियों को सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। वास्तव में यह भक्ति की पराकाष्ठा है। मैं सभी कांवड़ यात्रियों का स्वागत करता हूं। आज, कल और परसों यानी शिवरात्रि के दिन यहां पुष्प वर्षा होगी और हमने हेलीकॉप्टर की भी व्यवस्था की है।"

सावन के पावन महीने में कांवड़ यात्रा पूरे उत्साह के साथ जारी है। उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में भी कांवड़ियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। 'मिनी हरिद्वार' के नाम से मशहूर मुरादनगर में गंगा नहर के किनारे जगह-जगह कांवड़ कैंप लगाए गए हैं, जहां हजारों श्रद्धालु कुछ देर रुककर आराम कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं के लिए कैंपों में खाने-पीने की व्यवस्था

इधर गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए इन कैंपों में खाने-पीने से लेकर आराम और मेडिकल सुविधाओं तक का इंतजाम किया गया है। लंबी दूरी पैदल तय करने के बाद जब कांवड़िए इन शिविरों में पहुंचते हैं तो उनको कुछ देर आराम करने की सुविधा दी जाती है। कई श्रद्धालु यहां भोजन और पानी लेते नजर आए, वहीं पैरों में दर्द या दूसरी छोटी-मोटी परेशानियों के लिए मेडिकल सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

कांवड़ियों की सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी खास ध्यान दिया गया है। पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और गंगा नहर के आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है। इसके लिए एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है। प्रशासन की कोशिश है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से संभाला जा सके।

हरिद्वार से अपनी कांवड़ यात्रा शुरू करने वाले एक श्रद्धालु ने बताया कि उन्होंने 2 अगस्त को यात्रा शुरू की थी। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही वे अपनी मंजिल तक पहुंच जाएंगे। श्रद्धालु ने कांवड़ यात्रा के दौरान किए गए इंतजामों की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं को अच्छा बताया। एक अन्य कांवड़िए ने बताया कि लगातार लंबी दूरी तक पैदल चलने की वजह से पैरों में थोड़ा दर्द जरूर है, लेकिन यात्रा के दौरान बाकी सब कुछ ठीक रहा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर उन्हें दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा खाने-पीने और दूसरी जरूरी सुविधाओं का भी अच्छा इंतजाम है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!