Pahalgam Terrorist Attack: पहलगाम आंतकी हमले में मारे गए कानपुर के शुभम द्विवेदी का आखिरी वीडियो सामने आया है। जिसमें वे अपने परिवार के साथ काफी खुश नजर आ रहे है। इस वीडियो में शुभम अपने परिवार के साथ हंसी-मजाक कर रहे हैं और कह रहे हैं कि ", मैं सबको हरा दूंगा"। ये शब्द शुभम के आखिरी शब्द बन गए। शुभम का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हमले से एक दिन पहले अपलोड किया वीडियो
इस वायरल वीडियो में शुभम द्विवेदी अपने परिवार के साथ होटल के कमरे में UNO खेलते हुए दिख रहे हैं। इस दौरान सभी लोग खुश नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को शुभम की पत्नी ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले से एक दिन पहले सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। शुभम का यह आखिरी वीडियो अब एक याद बन गया है। यह वीडियो जीवन की नाजुकता का एहसास करा रहा है। शुभम की मौत पर उनके दोस्तों और जानने वाले ने शोक व्यक्त किया है। लोग आतंकियों को कड़ी सजा दिलाने की भी मांग कर रहे हैं।
आतंकियों ने शुभम के सिर में मारी गोली
कानपुर के शुभम अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जम्मू-कश्मीर घूमने के लिए गए थे। इस ट्रिप के दौरान मंगलवार को पहलगाम की बैसारन घाटी में आतंकवादियों ने हमला कर दिया। आतंकियों ने शुभम के सिर में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सरकार ने इस हमले की निंदा की है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है।
