शहर

दिवाली-छठ पर घर जाने की न लें टेंशन! स्पेशल ट्रेनों के फेरों में 30% इजाफा; 6,200 से ज्यादा फेरे लगाएंगी ट्रेनें

त्योहारी सीजन में दिल्ली से बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। इसे देखते हुए उत्तर रेलवे ने कई प्रमुख रूटों पर विशेष ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई है।

Image

ट्रेन (फाइल फोटो)

Special Trains : त्योहारों के मौसम में घर जाने वाले यात्रियों के लिए उत्तर रेलवे ने बड़ी राहत देने की तैयारी की है। दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे इस साल विशेष ट्रेनों के 6,200 से ज्यादा फेरे संचालित करेगा। पिछले साल के मुकाबले इस बार विशेष ट्रेनों के फेरों में करीब 30 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। पिछले वर्ष त्योहारी सीजन में विशेष ट्रेनों के कुल 4,666 फेरे संचालित किए गए थे।

उत्तर रेलवे के मुताबिक, यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने और उन्हें आरामदायक व सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस साल 42 नई ट्रेनों को नियमित किया गया है, जो त्योहारी सीजन के दौरान करीब 2,600 फेरे लगाएंगी। इसके अलावा, 3,600 विशेष ट्रेन फेरों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। इन व्यवस्थाओं के जरिए त्योहारों के दौरान यात्रियों को सफर के अधिक विकल्प उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।

दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत

त्योहारी सीजन में दिल्ली से बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। इसे देखते हुए उत्तर रेलवे ने कई प्रमुख रूटों पर विशेष ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई है। इनमें शकूरबस्ती–दरभंगा, आनंद विहार–पाटलिपुत्र, नई दिल्ली–दानापुर, दिल्ली–पटना और दिल्ली–गया जैसे रूट शामिल हैं। इसके अलावा अमृतसर–बरौनी और अमृतसर–जयनगर रूट पर भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों से बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेंगे।

कई प्रमुख रूटों पर चलेंगी विशेष ट्रेनें

उत्तर रेलवे की योजना के तहत माता वैष्णो देवी–वाराणसी, चंडीगढ़–पटना, नई दिल्ली–हावड़ा, दिल्ली–कामाख्या और कोलकाता–योग नगरी ऋषिकेश जैसे रूटों पर भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली–पटना वंदे भारत का भी उल्लेख रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में किया गया है।

उत्तर रेलवे का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के फेरों में बढ़ोतरी की गई है। रेलवे की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को सुगम, आरामदायक और सुरक्षित सफर उपलब्ध कराना है। अतिरिक्त ट्रेनों और फेरों से भीड़ का दबाव कम करने और यात्रियों को यात्रा के अधिक विकल्प देने में मदद मिलेगी।

उत्तर रेलवे द्वारा बड़ी संख्या में विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा जो कि यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। ये ट्रेने दिल्ली – पटना वंदे भारत, शकूरबस्ती – दरभंगा, माता वैष्णो देवी – वाराणसी, चंडीगढ़- पटना, आनंद विहार – पाटलीपुत्र, नई दिल्ली – हावड़ा , कोलकतता – योग नगरी ऋषिकेश, अमृतसर – बरोनी, नई दिल्ली दानापुर, दिल्ली – कामाख्या, दिल्ली –गया , अमृतसर – जयनगर, जैसे रूट्स पर चलेंगी।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article