अध्यात्म

करवाचौथ की खरीदारी किस दिन करना रहेगा शुभ, जानिए क्या अस्त शुक्र का पड़ेगा प्रभाव?

Karwa Chauth Shopping 2026: करवाचौथ 29 नवंबर को है और इस दिन तक शुभ ग्रह शुक्र अस्त हैं। ऐसे में लोगों को व्रत की शॉपिंग को लेकर संशय है कि इस दौरान खरीदारी कब कर सकते हैं।

Image

करवाचौथ की शॉपिंग कब करें (Image AI Generated and Newsroom Verified)

Karwa Chauth Shopping 2026: करवाचौथ का त्योहार 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को मनाया जाएगा। इस व्रत के लिए महिलाएं पहले से ही करवा, छलनी, पूजा की थाली, साड़ी, चूड़ियां, बिंदी और दूसरी श्रृंगार की चीजों की खरीदारी शुरू कर देती हैं, लेकिन इस बार खरीदारी को लेकर एक सवाल बना हुआ है। दरअसल, इस साल करवाचौथ से पहले 25 अक्टूबर को पंचक खत्म हो रहे हैं, जबकि इस समय शुभ ग्रह शुक्र भी अस्त हैं। ऐसे में करवाचौथ का सामान किस दिन खरीदना शुभ रहेगा और क्या अस्त शुक्र की वजह से सुहाग का सामान खरीदने में कोई परेशानी है? इस सवाल को लेकर लोगों में भ्रम व्याप्त है।

ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, शुक्र अस्त होने पर विवाह, गृह प्रवेश और कुछ दूसरे मांगलिक संस्कारों को टाला जाता है। हालांकि, करवाचौथ का व्रत रखना, पूजा करना और व्रत के लिए करवा या श्रृंगार का सामान खरीदना अलग बात है। ज्योतिषाचार्य पं सत्यम विष्णु अवस्थी की मानें तो शुक्र तारा अस्त होने के कारण करवाचौथ की खरीदारी या व्रत पर कोई रोक नहीं मानी जाती है। ऐसे में महिलाएं बिना किसी संकोच के अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी कर सकती हैं।

करवाचौथ की खरीदारी के लिए कौन-सा दिन रहेगा शुभ

पं सत्यम विष्णु अवस्थी के अनुसार इस साल 25 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजकर 22 मिनट पर पंचक समाप्त हो जाएंगे। इसके बाद 26, 27 और 28 अक्टूबर को करवाचौथ की खरीदारी की जा सकती है। अगर आप पंचक खत्म होने के बाद सामान खरीदना चाहती हैं, तो इन तारीखों पर बाजार जा सकती हैं।

महिलाएं 26 अक्टूबर, सोमवार को खरीदारी के लिए समय निकाल सकती हैं। 27 अक्टूबर, मंगलवार और 28 अक्टूबर, बुधवार को भी करवाचौथ की तैयारी की जा सकती है। इन दिनों में करवा, पूजा की थाली, दीपक, छलनी, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी और साड़ी जैसी चीजें खरीदने में कोई परेशानी नहीं है।

अगर आप त्योहार से एक दिन पहले बाजार की भीड़ से बचना चाहती हैं, तो 26 या 27 अक्टूबर को खरीदारी पूरी करना सुविधाजनक रहेगा। इससे पूजा की सामग्री और सुहाग के सामान को व्यवस्थित करने के लिए भी पर्याप्त समय मिल जाएगा।

क्या शुक्र अस्त होने से करवाचौथ की खरीदारी पर पड़ेगा असर

पंडित जी के अनुसार, ज्योतिष में शुक्र को विवाह, प्रेम, सौंदर्य, वैवाहिक जीवन और सुख-सुविधाओं का कारक ग्रह माना जाता है। शुक्र अस्त होने पर विवाह जैसे मांगलिक संस्कारों के मुहूर्त को लेकर विशेष सावधानी रखी जाती है। कुछ रील्स में लोग इसके कारण करवाचौथ की खरीदारी को लेकर भी लोग भ्रम फैला रहे हैं। इसी वजह से कई लोगों के मन में भ्रम व्याप्त हो गया है कि क्या इस दौरान शादीशुदा महिलाओं को सुहाग का सामान भी नहीं खरीदना चाहिए।

जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है। करवाचौथ एक व्रत और त्योहार है। इस दिन पति की लंबी उम्र और वैवाहिक जीवन की खुशहाली के लिए पूजा की जाती है। शुक्र अस्त होने की वजह से व्रत रखने, पूजा करने या पूजा के लिए जरूरी सामग्री खरीदने पर रोक नहीं है।

इस कारण अगर आप करवाचौथ के लिए नई साड़ी, चूड़ियां, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी या पूजा का सामान खरीदना चाहती हैं, तो खरीद सकती हैं। नवविवाहित महिलाएं भी अपना पहला करवाचौथ का व्रत रख सकती हैं। शुक्र अस्त होने की वजह से व्रत शुरू करने में कोई दोष नहीं माना जाता है।

शुक्र तारा का उदय कब होगा

द्रिक पंचांग के अनुसार 12 अक्टूबर की शाम 6 बजकर 19 मिनट पर शुक्र अस्त हो गए थे। इसके बाद 29 अक्टूबर की शाम 6 बजे शुक्र उदय हो जाएंगे। शुक्र के उदय होने के बाद से शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। वहीं, शादी और विवाह जैसे मांगलिक कार्य अभी भी शुरू नहीं होंगे। ये दीपावली के बाद कार्तिक माह की देवउठनी एकादशी से शुरू होंगे।

करवाचौथ में क्या-क्या खरीदारी करें

करवाचौथ की तैयारी करते समय करवा, छलनी, पूजा की थाली, दीपक, रोली, अक्षत, कलावा, मिठाई और फल जैसी जरूरी सामग्री पहले ही खरीद लें। सुहाग के सामान में चूड़ियां, सिंदूर, बिंदी, मेहंदी और अपनी पसंद की साड़ी या सूट शामिल कर सकती हैं।

व्रत की शाम पूजा और चंद्र दर्शन की तैयारी भी पहले से कर लें। इससे आखिरी समय में बाजार जाने की जल्दबाजी नहीं होगी और पूजा की सामग्री जुटाने में परेशानी नहीं आएगी।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article