कानपुर

Kanpur Model Road: कानपुर में टाटमिल से यशोदानगर बाईपास तक की सड़क बनेगी मॉडल, बनाई जाएगी छह लेन की रोड

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 6, 2023, 02:06 PM IST

Kanpur Model Road: कानपुर में टाटमिल चौराहे से यशोदानगर बाईपास तक मॉडल रोड का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने 27.5 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेज दिया है। मॉडल सड़क की चौड़ाई 24 मीटर होगी। दूसरी ओर, एनएचएआई ने जीटी रोड के तीन बाईपास पर फरवरी के अंत तक यातायात शुरू करने का दावा किया है। इससे शहर से कन्नौज आवागमन में 20-30 मिनट बेचेंगे।

Image

कानपुर में टाटमिल चौराहे से सड़क मॉडल बनेगी

KEY HIGHLIGHTS
  • कानपुर में टाटमिल चौराहे से यशोदानगर बाईपास तक सड़क बनेगी मॉडल
  • मॉडल सड़क 24 मीटर होगी चौड़ी, अभी है 17.50 मीटर चौड़ी
  • लोक निर्माण विभाग ने 27.5 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेजा

Kanpur Model Road: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के टाटमिल चौराहे से यशोदानगर बाईपास तक की सड़क को मॉडल रोड के रूप में बनाया जाएगा। 24 मीटर चौड़ा कर सड़क छह लेन की बनाई जाएगी। साथ ही दोनों तरफ फुटपाथ भी बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर मुख्यालय भेज दी है। इस परियोजना को सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। शहर की व्यस्त सड़कों में शामिल यशोदानगर बाईपास से टाटमिल चौराहे तक 3.3 किलोमीटर लंबी सड़क 17.50 मीटर चौड़ी है। इसी मार्ग पर बाकरगंज चौराहे से बाबूपुरवा थाने के सामने ट्रांसपोर्टनगर होने की वजह से ट्रकों समेत करीब छ लाख वाहनों का आवागमन होता है।

इस सड़क के दोनों तरफ 25 से ज्यादा ट्रांसपोर्ट कंपनियां और छह पेट्रोल पंप है। इस वजह से बाकरगंज चौराहे, बाबूपुरवा थाने के सामने, नयापुल तक रोजाना घंटों यातायात बाधित रहता है। इसके मद्देनजर पीडब्ल्यूडी ने सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार किया है। सड़क को दोनों तरफ से साढ़े छह मीटर चौड़ा किया जाएगा।

पोल की शिफ्टिंग में 1.20 करोड़ रुपये लगेंगे

निर्माण की लागत 27.5 करोड़ है। इसमें सड़क पर लगे पोल की शिफ्टिंग के लिए 1.20 करोड़ रुपये शामिल हैं। पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता श्रीराज ने बताया कि टाटमिल चौराहे से यशोदानगर बाईपास मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है। वहां से हरी झंडी मिलते ही टेंडर कराकर निर्माण कराया जाएगा।

फरवरी के अंत तक यातायात शुरू करने का दावा

उधर, एनएचएआई ने जीटी रोड के तीन बाईपास पर फरवरी के अंत तक यातायात शुरू करने का दावा किया है। इससे शहर से कन्नौज आवागमन में 20-30 मिनट बेचेंगे। मार्च में चौबेपुर बाईपास और जून तक आईआईटी के पास से अलीगढ़ तक जीटी रोड चौड़ा करने का दावा किया जा रहा है। एनएचएआई आईआईटी के पास से अलीगढ़ तक जीटी रोड का चौड़ीकरण करा रहा है। इस मार्ग पर मंधना, चौबेपुर, शिवराजपुर, उत्तरीपुरा और बिल्हौर में सबसे ज्यादा जाम लगता है।

मार्च तक चौबेपुर बाईपास का निर्माण होगा पूरा

इससे निजात दिलाने के लिए एनएचएआई चौबेपुर, उत्तरीपुरा और शिवराजपुर गांव के बाहर से वाहनों के आवागमन के लिए चार बाईपास बना रहा है। इनमें से तीन का कार्य अंतिम चरण में है। एनएचएआई की साइट इंजीनियर अमन मित्तल ने शिवराजपुर, उत्तरोपुरा और शिवराजपुर बाईपास पर एक महीने में यातायात शुरू करने दावा किया। बताया कि मार्च तक चौबेपुर बाईपास का निर्माण भी पूरा होगा। आईआईटी के पास से मंधना और उसके आगे दिन-रात जीटी रोड चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!