कानपुर

महोबा में भीषण सड़क हादसा, टायर फटने के बाद बाइक से टकराई कार, 5 लोगों की मौत

यूपी के महोबा में एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।

Image

महोबा में भीषण सड़क हादसा

Mahoba Road Accident: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में हुए दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक बाइक और एक कार की जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना से सड़क पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत अस्पातल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित किया और 3 लोगों की इलाज किया जा रहा है।

महोबा में कहां हुआ सड़क हादसा

सड़क दुर्घटना महोबा के श्रीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ननौरा गांव के पास हुई। यहां एक एक तेज रफ्तार गाड़ी और बाइक की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। पुलिस के मुताबिक, बगरोन गांव निवासी कुश कुमार की पत्नी कंचन और अन्य परिजन गाड़ी में सवार थे। वो ननौरा गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम के लिए जा रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए।

टायर फटने से हुए दुर्घटना

ननौरा गांव के पास जैसे ही गाड़ी एक मोड़ पर पहुंची, अचानक उसका टायर फट गया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। इसके बाद दोनों वाहन एक गड्ढे में गिर गए। इस टक्कर में बाइक के परखच्चे उड़ गए और कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में 5 लोगों की मौत

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुटी, जिन्होंने घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर गए। हादसे में घायल सभी लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से 5 लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मरने वालों में दो बाइक सवार शामिल हैं। फिलहाल 3 अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

एएसपी वंदना सिंह ने कहा, "पुलिस को ईको कार और बाइक में टक्कर की सूचना मिली थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर गए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसा इको कार का टायर फटने के कारण हुआ। हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हैं। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।" पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार सवार लोगों की पहचान कर ली गई है। अभी बाइक पर आए युवकों की पहचान की जा रही है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article