शहर

Kanpur: गोंडा से परीक्षा देकर लौटी थी युवती, पिता संग खाया खाना फिर बरामदे में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

Kanpur News: कानपुर के बाबूपुरवा में गोंडा से ITI परीक्षा देकर लौटी 18 वर्षीय बी.ए छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बरामदे में मिला है। पुलिस मोबाइल जब्त कर जांच में जुटी है।

Image

संदिग्ध हालात में मिला 18 साल की छात्रा का शव (सांकेतिक चित्र)

Photo : iStock

Kanpur News: शहर के थाना बाबूपुरवा इलाके में शनिवार तड़के एक 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका बी.ए प्रथम वर्ष की छात्रा थी और साथ ही ITI की परीक्षा भी दे रही थी। युवती शुक्रवार शाम ही गोंडा से अपनी ITI की परीक्षा देकर कानपुर स्थित अपने घर वापस लौटी थी। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पिता के साथ खाया खाना, तड़के बरामदे में मिला शव

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका शुक्रवार देर शाम गोंडा से परीक्षा देकर कानपुर पहुंची थी। घर पहुंचने के बाद उसने अपने पिता के साथ सामान्य माहौल में खाना खाया और थोड़ी देर मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के बाद कमरे में सोने चली गई। शनिवार तड़के करीब 3 बजे जब पिता की नींद खुली तो उन्होंने बेटी को कमरे से गायब पाया। घर में खोजबीन करने पर बरामदे में बेटी का शव संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने मोबाइल किया जब्त, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सूचना मिलते ही बाबूपुरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक, ऐंजल अपने पिता की इकलौती बेटी थी। उसके जन्म के कुछ समय बाद ही उसकी मां का देहांत हो चुका था। पिता एक प्राइवेट कंपनी में काम करके बेटी की परवरिश कर रहे थे। बाबूपुरवा थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि शुरुआती जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है और कॉल डिटेल्स व सोशल मीडिया गतिविधियों की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों से पूछताछ के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article