प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हरवारा इलाके में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात दो हिस्ट्रीशीटरों और उनके साथियों के बीच जमकर बवाल हुआ। शराब के नशे में पुराने विवाद को लेकर शुरू हुई गाली-गलौज देखते ही देखते हिंसक झड़प, पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग में बदल गई। पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मुख्य आरोपी बेखौफ अंदाज में तमंचा लहराते और 'बना वीडियो' कहते हुए गोली चलाता नजर आ रहा है। मामले में कार्रवाई करते हुए धूमनगंज पुलिस ने मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर नवील को गिरफ्तार कर लिया है।
नशे की हालत में विवाद, फिर चलने लगे ईंट-पत्थर
पीड़ित रोहित सोनकर के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12 बजे धूमनगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर नवील अत्यधिक शराब के नशे में उसके पास पहुंचा और बिना किसी उकसावे के गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर नवील ने रोहित के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब आसपास के लोग बीच-बचाव करने आए, तो नवील ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। हमलावरों ने रोहित और ग्रामीणों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए, जिससे सड़क पर अफरातफरी मच गई।
सरेआम तमंचा लहराकर कई राउंड फायरिंग
मारपीट और पथराव के बीच नवील ने कमर में खोंसा अवैध तमंचा निकाल लिया और सरेआम कई राउंड फायरिंग कर दी। रोहित सोनकर का दावा है कि वह इस गोलीबारी में बाल-बाल बचा।घटना के समय दूसरे पक्ष के लोगों ने अपने मोबाइल में यह पूरी वारदात रिकॉर्ड कर ली। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर नवील को दबोच लिया।
"आपस में दोस्त हैं दोनों": पुलिस
धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि रोहित सोनकर और नवील दोनों ही थाने के सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटर हैं और आपस में दोस्त भी हैं। दोनों का साथ में उठना-बैठना था। पकड़ा गया आरोपी नवील एक खूंखार अपराधी है। उस पर हत्या के प्रयास, लूट और अपहरण जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2018 में प्रीतमनगर मोड़ के पास दिनदहाड़े दिव्यांश पाल नाम के युवक को गोली मारने के मामले में भी वह नामजद था। फिलहाल पुलिस रोहित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।
