उत्तराखंड सहित देश के कई हिस्सों में बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। बारिश का दौर जारी है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में आज यानी गुरुवार 7 अगस्त को सुबह से ही बारिश नहीं हुई और तेज धूप से लोग परेशान रहे। बीच-बीच में बादलों के आने और हवा चलने से राहत जरूर मिली। अब धीरे-धीरे मानसून भी उत्तर भारत से अपना बोरिया-बिस्तर समेटने लगा है। बारिश का वो दौर खत्म हो गया है, जिसमें लगातार बारिश से लोगों का बाहर निकलना दूभर हो गया था। चलिए जानते हैं कल यानी शुक्रवार 8 अगस्त और आने वाले वीकेंड में मौसम कैसा रहेगा।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज यानी 7 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, गांगेय पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, केरल, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना और उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
कल अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों तक पूर्वोत्तर और आसपास के पूर्वी भारत में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। IMD ने कल यानी 8 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश यानी 21 सेमी से ज्यादा बरसाद की चेतावनी दी है।
उत्तराखंड में फिर बादल फाड़ बारिश की आशंका
यही नहीं हाल ही में उत्तरकाशी की हर्षिल वैली में बादल फटने के बाद आए सैलाब के कारण मची तबाही से उबरने की कोशिश कर रहे उत्तराखंड के लिए भी अच्छी खबर नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के साथ ही उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में रविवार 10 अगस्त से बहुत भारी बारिश का नया दौर शुरू होने की आशंका है। यही नहीं मध्य प्रदेश और राजस्थान में अगले 4-5 दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना है।
उत्तर-पूर्वी भारत का हाल
अरुणाचल प्रदेश में कल अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आजे से 13 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ ही गरज और चमक के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 12 अगस्त तक, असम और मेघालय में 7-8 और 12-13 अगस्त तक तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। आज और कल नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
उत्तर-पश्चिमी भारत में बारिश का हाल
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में आज से 13 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। हरियाणा में 11 अगस्त को, उत्तर प्रदेश में 7-8 और 11 से 13 अगस्त तक और जम्मू-कशमीर में 13 अगस्त को कुछ इलाकों में भारी से बहुत बारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 12-13 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। इसके अलावा अगले सात दिनों तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत का मौसम कैसा रहेगा?
दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गी है। मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु, तेलंगाना, रायलसीमा में आज से शनिवार तक भारी बारिश हो सकती है। IMD के अनुसार केरल और माहे, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश में आज और कल अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु में कल यानी शुक्रवार 8 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले दो दिन 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
अगले पांच दिनों तक तमिलनाडु, केरल और माहे, लक्ष्यद्वीप, कर्नाटक, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गरज और चमक के साथ कुछ जगहों पर हल्की से मध्य बारिश हो सकती है।
पूर्वी और सेंट्रल इंडिया के मौसम का अनुमान
आज से 13 अगस्त तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा 7 और 9 अगस्त को ओडिशा व बिहार में 7-9 अगस्त और 12-13 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। 7-8 अगस्त को झारखंड, 11 से 13 अगस्त तक छत्तीसगढ़, 11 को अंडमान निकोबार द्वीप समून, 13 अगस्त को विदर्भ क्षेत्र के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कल बिहार में भी भारी बारिश की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7 और 11 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा अगले पांच दिन तक कई इलाकों में गरज और चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
पश्चिमी भारत में मौसम की चाल
बात पश्चिमी भारत के मौसम की करें तो मराठवाड़ा में आज और कल, कोंकण व गोवा में 7, 8, 12 व 13 अगस्त को और मध्य महाराष्ट्र में 7 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही पश्चिमी भारत के कुछ इलाकों में अगले 5-6 दिनों तक हल्की से मध्य स्तर की बारिश हो सकती है।
