शहर

UP Election: सपा नेता राजीव राय ने कहा कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर दिया, इमरान मसूद बोले - भीख नहीं मांग रहा

UP Election: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को गठबंधन में 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। इधर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन में मांगने नहीं, आपसी सहयोग की बात होती है।

Image

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच यूपी चुनाव के लिए गठबंधन पर चर्चा

UP Election: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA की दोनों पार्टियों समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत तेज हो गई है। सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच दूसरे दौर की चर्चा से पहले सपा ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया है। सपा सांसद राजीव राय और राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव ने इसकी जानकारी दी है।

हालांकि, कांग्रेस की ओर से इस प्रस्ताव पर फिलहाल कोई सहमति सामने नहीं आई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सीटों के प्रस्ताव को लेकर कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी साफ किया कि गठबंधन में मांगने और आपसी सहयोग के बीच अंतर होता है।

राम गोपाल यादव बोले- कांग्रेस को 26 सीटें दे दी हैं

दिल्ली में सीट बंटवारे को लेकर आज होने वाली बैठक से पहले सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि पिछली बैठक (सोमवार 23 नवंबर को) में जो बातें रखनी थीं, वे रख दी गई थीं। उन्होंने कहा, 'मैंने उनको (कांग्रेस) अपनी 26 सीटें भी दे दी हैं और फिर आज बात करने जा रहे हैं।'

वहीं, सपा सांसद राजीव राय ने भी कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या को लेकर चर्चा होगी और सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटें दी गई हैं।

दोनों नेताओं के बयानों से साफ हो गया है कि सपा ने गठबंधन की बातचीत में अपनी तरफ से सीटों का प्रस्ताव रखा है। अब देखना होगा कि कांग्रेस इस प्रस्ताव पर क्या रुख अपनाती है।

किसी से भीख नहीं मांग रहा - इमरान मसूद

सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव की खबरों पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने अलग रुख दिखाया। उन्होंने कहा, 'मुझे तो पता नहीं कब दे रही है, आपको पता होगा। मैं तो किसी से भीख नहीं मांग रहा हूं।' सीट बंटवारे में कांग्रेस की भूमिका को लेकर उन्होंने कहा कि मांगने और सहयोग करने में फर्क होता है। गठबंधन में मांगना नहीं होता, बल्कि आपसी सहयोग होता है।

इमरान मसूद के इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि कांग्रेस सीटों के बंटवारे को सिर्फ प्रस्ताव और संख्या के आधार पर देखने के बजाय गठबंधन में सम्मानजनक भागीदारी के नजरिये से देखना चाहती है।

2027 चुनाव से पहले गठबंधन पर नजर

ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीटों का बंटवारा दोनों दलों के लिए अहम मुद्दा है। फिलहाल सपा ने 26 सीटों का प्रस्ताव सामने रखा है, लेकिन कांग्रेस की सहमति और अंतिम सीट समझौते को लेकर स्थिति साफ नहीं हुई है। जल्द ही दोनों दलों के बीच की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article